Headlines

जौनपुर जिला प्रशासन को मिलना चाहिए प्रशश्ति पत्र?रात में छापा दिन में क्लीनचिट

मछलीशहर। हाईवे के खजुरहट मोड पर स्थित होटल में रविवार को छापा मारकर पकड़े गए 10-10 युवक-युवतियों और होटल संचालक को देर रात क्लीन चिट देकर छोड़ दिया गया। लगभग छह घंटे चला हाई वोल्टेज प्रशासनिक ड्रामा खत्म हो गया है।

छापा मारने वाले नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव का कहना है कि होटल में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई। पकड़े गए युवक-युवतियां बालिग हैं, इसलिए उन्हें चेतावनी देकर घर वालों को सुपुर्द कर दिया गया। होटल के रजिस्टर को सीज करने की बात पूछने पर कहा कि जानकारी नहीं है। तहसीलदार की गाड़ी उनके बाद होटल पर मौजूद थी, उन्होंने कार्रवाई की होगी। उपजिलाधिकारी योगिता सिंह ने भी पूरा प्रकरण संज्ञान में नहीं होने की बात कही। तहसीलदार से वार्ता कर जानकारी साझा करने का आश्वासन दिया, लेकिन फिर काॅल रिसीव नहीं हुई।

मामले में सीओ प्रतिमा वर्मा ने बताया कि मामला राजस्व प्रशासन से जुड़ा है। तहसीलदार और नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव पकड़े गए जोड़ों को लेकर कोतवाली के बजाय तहसील परिसर में आए और युवतियों को छोड़ दिया गया। केवल युवकों को कोतवाली भेजा गया। ऐसी स्थिति में युवकों पर कार्रवाई नहीं हुई। रात में होटल संचालक समेत पकड़े गए युवक-युवतियों पर भी कार्रवाई करने के लिए कुछ नहीं दिया गया। पुलिस ने तहरीर नहीं मिलने पर मामले को समाप्त कर दिया। प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि छापे के समय पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी।

ग्रामीण बोले- खराब हो रहा माहौल
मछलीशहर। होटल पर छापे के बाद क्लीन चिट देने की जानकारी मिलने के बाद खजुरहट और आसपास के गांवों के लोग हैरान हैं। उनका कहना है कि बाहर के लोग आकर अनैतिक कार्य कर रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। मामले में उच्च प्रशासनिक अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर जांच कराने की रणनीति बनाई जा रही है।