सीएम योगी आदित्यनाथ ने योग दिवस पर झांसी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए योग को जरूरी बताया।
झांसी: उत्तर प्रदेश के विभिन्न भागों समेत देश-विदेश में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में मुख्य कार्यक्रम में झांसी में आयोजित हो रहा है। इसमें सीएम योगी आदित्यनाथ भाग ले रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर झांसी किला मैदान में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल होकर सीएम योगी ने तमाम लोगों को इसके महत्व के बारे में बताया। सीएम योगी ने स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ समाज के निर्माण की बात कही। दरअसल, इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ की थीम के साथ मनाया जा रहा है। प्रदेश के अन्य जिलों में तमाम मंत्री और जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
प्रदेश-देशवासियों को दी बधाई
सीएम योगी ने 1857 के प्रथम स्वतंत्र समर की अमर नायिका महारानी लक्ष्मीबाई को भी इस मौके पर याद किया। महारानी लक्ष्मीबाई के किले के प्रांगण से उन्होंने योग दिवस की प्रदेश वासियों, बुंदेलखंड वासियों और देश वासियों का अभिनंदन किया। योग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया। सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के नेतृत्व में योग दिवस का आयोजन हो रहा है। प्रदेश के तमाम जिलों से लेकर पंचायत, नगर निकाय और मंडल स्तर तक कार्यक्रमों के आयोजन हो रहे हैं। यह हमारी प्राचीन परंपरा के प्रति गौरव की अनुभूति का प्रतीक है।
सीएम ने थीम का किया जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि इस वर्ष योग दिवस की थीम योगा फॉर हेल्दी एजिंग है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग आवश्यक है। भारत की मान्यता यही रही है। सीएम योगी ने कहा कि हम सब इस बात को मानते रहे हैं, स्वस्थ शरीर से ही आप जीवन के चारों पुरुषार्थों को पूर्ण कर सकते हैं। अगर शरीर स्वस्थ नहीं है, आरोग्य नहीं है तो आप कैसे कल्पना कर सकते हैं कि जीवन के किसी भी पुरुषार्थ को पूर्ण कर सकेंगे। स्वस्थ शरीर का व्यक्ति, स्वस्थ शरीर स्वस्थ मस्तिष्क का छात्र ही अपने जीवन में सफलता की नहीं ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। एक स्वस्थ शिक्षक ही अपने छात्र को सुसंस्कृत करेगा।
सीएम योगी ने कहा कि एक स्वस्थ किसान ही खेती में एक नई ऊंचाई को प्राप्त करते हुए लोगों के लिए प्रेरणा बनेगा। एक स्वस्थ श्रमिक अपने परिश्रम से निर्माण कार्यों की श्रृंखला खड़ी करेगा। एक स्वस्थ वैज्ञानिक ही भारत को नए-नए अनुसंधान दे पाएगा। एक स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ राष्ट्र की आधार बन सकता है। सीएम योगी ने लोगों से योग को अपनी जीवन शैली का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
