Headlines

वृन्दावन बरसाना होली 2026 : फूलों और लड्डू मार होली की परंपरा कैसे हुई शुरू, बरसाना वृंदावन में धूमधाम से मनाया जाता है पर्व

   बरसाना और वृंदावन में लड्डू मार होली से 9 दिनों तक चलने वाली होली का आरंभ हो जाता है। जिसे मनाने के लिए भक्त देश-विदेश से मथुरा-वृंदावन पहुंचते हैं। यहां खेली जाने वाली हर होली का अपना खास महत्व है। आज हम जानेंगे की फूलों और लड्डू मार होली की परंपरा कैसे शुरू हुई।

वृंदावन, नंदगांव और बरसाना की अनोखी होली देशभर में प्रसिद्ध है। देश-विदेश के लोग यहां लठमार, लड्डू मार और फूल वाली होली मनाने के लिए आते हैं। लड्डू मार होली के साथ ही मथुरा-वृंदावन में 9 दिनों तक चलने वाली होली की शुरुआत हो जाती है और यह रंगों वाली होली के अगले दिन तक चलती है। भगवान कृष्ण और राधा रानी के मंदिर में धूमधाम से भक्त होली का पर्व मनाते हैं। इस बार लड्डू मार होली आज यानी 25 फरवरी, बुधवार के दिन मनाई जाएगी। वहीं, 28 फरवरी, शनिवार को फूलों वाली होली मनाई जाएगी। ऐसे में आज हम जानेंगे की लड्डू मार और फूलों वाली होली मनाने की परंपरा कैसे शुरू हुई और बरसाना, वृंदावन में यह त्योहार कैसे मनाया जाता है।

वृंदावन में मनाई जाती है फूलों वाली होली
वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में फूलों वाली होली इस साल 28 फरवरी, शनिवार के दिन खेली जाएगी। वृंदावन चंद्रोदय मंदिर सेवायत के द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वह समय होता है जब राधा और कृष्ण के प्रेम की लीलाएं पूर्ण सौंदर्य के साथ प्रकट होती हैं। हालांकि, श्रीमद्भागवतम (दशम स्कंध) में आधुनिक रूप की होली का प्रत्यक्ष वर्णन नहीं है, लेकिन वहां वसंत ऋतु में श्रीकृष्ण और गोपियों की विविध क्रीड़ाओं का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन देखने को मिलता है।

बाद के वैष्णव ग्रंथों जैसे गीत गोविंद, गोविंद-लीलामृत और ब्रज की लोक परंपराओं में इन वसंत लीलाओं का अधिक विस्तार किया गया है। इन परंपराओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण गोपियों के साथ रंग गुलाल खेलते हैं। गोपियां भी पूरे उत्साह और आनंदपूर्वक इस पर्व को मनाती हैं। इसी तरह ब्रज की होली को भगवान के साथ आत्मीय प्रेम संबंध की अभिव्यक्ति मानी जाती है।

फूलों वाली होली की शुरुआत कैसे हुई
यह विशेष होली वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर, बरसाना, नंदगांव और विभिन्न वैष्णव मंदिरों में मनाई जाती है। यह परंपरा मंदिर-उपासना में एक सौम्य और भक्तिपूर्ण रूप में विकसित हुई, जहां रंगों के स्थान पर पुष्प-वर्षा की जाती है। फूल को वैष्णव उपासना में प्रेम और समर्पण का प्रतीक माना गया है। देवताओं पर पुष्प-वर्षा करना दिव्य आनंद का संकेत होता है। ऐसी मान्यता है कि वसंत ऋतु में वृंदावन के कुंजों में राधा-कृष्ण पुष्पों के बीच क्रीड़ा करते थे। भक्त इसी आनंद का अनुभव करने के लिए फूलों वाली होली मनाते हैं।