मल्हनी। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने बृहस्पतिवार को नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रो. राजेंद्र सिंह रज्जू भैया भौतिकी अध्ययन संस्थान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रयोगशालाओं, शैक्षणिक सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन करते हुए शिक्षण व्यवस्था को समयबद्ध ढंग से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रो. वंदना सिंह ने प्रयोगशालाओं के रखरखाव, उपकरणों की उपलब्धता और विद्यार्थियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने इंटीग्रेटेड थर्मल इवेपोरेटर सिस्टम, ग्लोव बॉक्स सिस्टम, इलेक्ट्रोकेमिकल वर्कस्टेशन, सोलर सिम्युलेटर, गैस सेंसर सिस्टम, स्पटरिंग सिस्टम तथा डीआरएस सिस्टम सहित अन्य आधुनिक उपकरणों की कार्यप्रणाली और इनके माध्यम से संचालित शोध कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
वहीं, सह-समन्वयक डॉ. धीरेंद्र चौधरी ने बताया कि इन अत्याधुनिक सुविधाओं की मदद से सोलर सेल, गैस सेंसर सहित विभिन्न उन्नत वैज्ञानिक अनुसंधान किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान संस्थान के निदेशक प्रो. मिथलेश सिंह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. मनोज मिश्रा, प्रो. गिरिधर मिश्र, प्रो. प्रमोद यादव, डॉ. सुजीत चौरसिया, डॉ. नितेश जायसवाल आदि रहे।
