संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 27 जुलाई को आयोजित होने वाले शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दीक्षा समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में मेजर जनरल गौरव गौतम को आमंत्रित किए जाने को कुलाधिपति एवं राज्यपाल की स्वीकृति मिल गई है।राजभवन से इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र जारी कर आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
विशिष्ट सेवा मेडल (वीएसएम) से सम्मानित मेजर जनरल गौरव गौतम वर्तमान में उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय में अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) के रूप में कार्यरत हैं।वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), पुणे तथा भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून से जुड़े रहे हैं और युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन व राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं।
इस बीच यूपी जागरण डॉट कॉम से बातचीत में कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने बताया कि दीक्षा समारोह को लेकर शैक्षणिक और प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां चल रही हैं। जिन विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जानी हैं, उनके वायवा और अन्य प्रक्रियाओं को समय से पूरा कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक भवन, सभी शैक्षणिक भवनों, महिला एवं पुरुष छात्रावास, अतिथि गृह तथा वाइस चांसलर सूट तक में साफ-सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। परिसर में कहीं भी गंदगी न रहे, इसके लिए सभी विभागों और संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय के सबसे महत्वपूर्ण आयोजनों में शामिल दीक्षा समारोह की तैयारियों के लिए गठित 53 समितियां लगातार सक्रिय हैं।अब तक छह से सात बैठकें हो चुकी हैं, जबकि राजभवन के साथ ऑनलाइन माध्यम से भी कई दौर की समीक्षा बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।उन्होंने कहा कि समारोह को गरिमामय और यादगार बनाने के लिए पूरा विश्वविद्यालय परिवार पूरी गंभीरता के साथ जुटा हुआ है।
