Headlines

CJP आगे क्या करेगी, जंतर मंतर पर फ्री खाना खिलाने वाले जुनैद ने बता दिया पूरा प्लान

सीजेपी की भविष्य की रणनीति को लेकर मोहम्मद जुनैद ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम रील के जरिए लोगों से आगे की योजना को लेकर सुझाव भी मांगे हैं।

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रहने वाले मोहम्मद जुनैद ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की भविष्य की रणनीति को लेकर बड़ा खुलासा किया है। जुनैद सीजेपी के छात्र आंदोलन के दौरान जंतर मंतर पर आंदोलनकारियों के लिए भोजन-पानी का इंतजाम करने को लेकर खासी चर्चा में आए थे। इसके बाद उन पर पुलिस की भी नजर पड़ी। उनके साथ-साथ पिता और परिवार के अन्य लोगों से भी पुलिस ने फंडिंग मामले को लेकर पूछताछ की है। अब जुनैद सीजेपी की फ्यूचर प्लानिंग को लेकर लोगों की राय मांगते दिखे हैं। इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए रील में मोहम्मद जुनैद ने भविष्य की रणनीति को लेकर बड़ा खुलासा भी किया है।

जुनैद ने क्या कहा?

जुनैद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में सीजेपी की टॉप लीडरशिप की बैठक की जानकारी दी। वीडियो में वह कहते दिखे हैं कि बहुत सारे लोगों के मुझे लगातार कॉल, मैसेज और डीएम आ रहे हैं कि सीजेपी अब आगे क्या करने जा रही है? वह आगे भविष्य में क्या करेगी? जुनैद ने कहा कि इसके लिए हमारी कोर टीम, प्रवक्ता और टॉप लीडरशिप एक मीटिंग रखी गई है। जुनैद ने कहा कि छत्रपति संभाजी नगर में 5 और 6 अगस्त को सीजेपी की कोर ग्रुप की बैठक है।

सीजेपी कोर ग्रुप की बैठक के बाद विस्तृत रूप से आगे का एजेंडा आएगा। जुनैद ने कहा कि अगर आपको भी लगता है कि हमें क्या करना चाहिए। इस पर आप हमें सुझाव दे सकते हैं। इसके लिए लोग हमें डीएम या मैसेज के जरिए सुझाव दे सकते हैं। साथ ही, उन्होंने सीजेपी की ओर से किए गए काम को लेकर भी लोगों की राय मांगी है। इसको लेकर भी लोग मैसेज कर सकते हैं।

जुनैद पर गरमाई थी सियासत

मोहम्मद जुनैद को लेकर पिछले दिनों सियासत खूब गरमाई थी। दरअसल, छात्र आंदोलन समाप्ति की घोषणा से एक दिन पहले 24 जुलाई की रात मोहम्मद जुनैद अचानक गायब हो गए थे। दावा किया जा रहा है कि उन्हें दिल्ली पुलिस अपने कब्जे में लेकर आंदोलन के दौरान खान-पान पर हुए खर्च मामले को लेकर पूछताछ कर रही थी। इसमें जुनैद का कहना है कि सभी लोगों ने मिलजुल कर इसके लिए व्यवस्था की थी।

हालांकि, पुलिस ने उनके साथ-साथ उनके परिवार वालों से भी पूछताछ की। बाद में उन्हें उत्तराखंड के मसूरी में छोड़ दिया गया। जुनैद गाजियाबाद के मसूरी में रहते हैं। इस दौरान सीजेपी के किसी नेता के उनके हालचाल जानने न आने का मामला सामने आया। बाद में नेहा बोरा ने उनसे मुलाकात की थी। अब वे सीजीपी की भविष्य की राजनीति पर बात करते दिख रहे हैं।