जौनपुर। जिले की साइबर क्राइम टीम ने क्षेत्राधिकारी देवेश सिंह के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों के 101 लोगों के 25 लाख रुपये के मोबाइल आठ राज्यों से बरामद कर लिए हैं। वहीं साइबर फ्राॅड कर 38 पीड़ितों से ठगे गए 20 लाख 06 हजार 490 रुपये भी वापस कराए।

एडिशनल एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन सभागार में सोमवार को पत्रकार वार्ता में ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोगों के गुमशुदा व खोए मोबाइल फोन बरामद के लिए चल रहे अभियान के क्रम में साइबर क्राइम थाना जौनपुर को निर्देशित किया गय था। गुमशुदा मोबाइल धारकों द्वारा सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन अपनी शिकायत दर्ज की जाती है।
इसी क्रम में साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम द्वारा अप्रैल व मई में भिन्न-भिन्न थाना क्षेत्र से पीड़ितों के गुम हुए 101 मोबाइलों को दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार, राजस्थान, आन्ध्र-प्रदेश राज्यों व जनपद जौनपुर सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बरामद किया। बरामद मोबाइलों में अधिकांश कीमती और ब्राडेंड रहे। इनका बाजार मूल्य करीब 25 लाख रुपये हैं। एडिशनल एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव व सीओ सिटी देवेश सिंह की उपस्थिति में बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को दिए गए।
अपना खोया मोबाइल पाकर सभी मोबाइल धारक काफी संतुष्ट व खुश दिखे। साइबर क्राइम थाना ने एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अप्रैल व मई माह में अब तक साइबर फ्राॅड के 38 पीड़ितों के खातों में कुल 20 लाख छह हजार 490 रुपये वापस कराए। इस मौके पर साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
