Headlines

अश्लील वीडियो बनाकर ढाई लाख वसूला, फिर मांग रहा था पांच लाख

जौनपुर (बक्शा)। पुलिस ने अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पीड़िता से ढाई लाख रुपये और आभूषण लेने के बाद दोबारा पांच लाख की मांग कर रहा था। बक्शा थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता ने सदरुद्दीनपुर गांव निवासी साहेबजादे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता के मुताबिक उसके पिता रोजी रोटी के सिलसिले में मुंबई रहते हैं। घर पर वह मां के साथ अकेली रहती है। आरोपी साहेबजादे काफी दिनों से उसे परेशान कर रहा था।

वह छिप-छिपकर अश्लील वीडियो बना लिया था। बीते 24 दिसंबर को मौका देख घर में घुस आया। नहाते समय बाथरूम में वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा। साथ ही वायरल करने की धमकी देते हुए डिलीट करने के नाम पर ढाई लाख रुपये और आभूषण ले लिया। 27 दिसंबर को आरोपी पुनः पांच लाख की डिमांड कर डाला। पीड़िता का आरोप है कि वह त्रस्त होकर आत्महत्या करने जा रही थी, जिसे उसकी मां ने रोक लिया। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।