Headlines

अन्य कामों के साथ साथ ग्रामोदय विश्वविद्यालय के दूरवर्ती पाठ्यक्रमों में पढ़ाई का अवसर

चित्रकूट,
       महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय द्वारा दूरवर्ती शिक्षा (ओडीएल) के अंतर्गत संचालित स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों की विशेषता यह है कि विद्यार्थी अपनी नौकरी, व्यवसाय अथवा अन्य कार्यों के साथ-साथ उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों में कला, वाणिज्य, विज्ञान एवं सामाजिक कार्य सहित विभिन्न विषयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पत्रकारिता, कंप्यूटर, साइबर सुरक्षा, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, मानवाधिकार, आपदा प्रबंधन, औद्योगिक संबंध एवं एनजीओ प्रबंधन जैसे रोजगारपरक डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी उपलब्ध हैं।
दूरवर्ती शिक्षा प्रणाली के माध्यम से विद्यार्थियों को समय एवं स्थान की बाध्यता से मुक्त रखते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं लचीली शिक्षा प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपनी आजीविका के साथ-साथ शिक्षा को भी निरंतर जारी रख सकें।
इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो आलोक चौबे ने कहा कि, “वर्तमान समय में शिक्षा को लचीला एवं रोजगारपरक बनाना अत्यंत आवश्यक है। दूरवर्ती शिक्षा के माध्यम से हम ऐसे विद्यार्थियों तक उच्च शिक्षा पहुंचा रहे हैं, जो किसी कारणवश नियमित अध्ययन नहीं कर पाते। यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
निदेशक , दूरवर्ती प्रो कमलेश थापक ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने ज्ञान एवं कौशल का विकास करें तथा अपने भविष्य को सुदृढ़ बनाएं। प्रवेश की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026 है। इच्छुक अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किए जा सकते हैं।