सड़कों के गड्ढामुक्तिकरण को लेकर जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

     जौनपुर-जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद अंतर्गत सड़कों के गड्ढामुक्तिकरण के संबंध में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने वर्षा के उपरांत क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल गड्ढामुक्त एवं आवागमन योग्य बनाए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देशित किया कि 03 दिवस के भीतर वर्तमान में चिन्हित सभी गड्ढों को भरकर सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। कार्य में लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आमजन को आवागमन में असुविधा न हो, इसके लिए सड़क मरम्मत एवं गड्ढामुक्तिकरण का कार्य आवश्यकता के अनुसार रात्रि में कराया जाए।
जिलाधिकारी ने मारुति सुजुकी शो रूम के सामने क्षतिग्रस्त सड़क को तत्काल ठीक कराने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारियों से उनके क्षेत्र में आने वाली सड़कों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों को तत्काल मोटरेबल किए जाने के निर्देश दिए। नगर क्षेत्र में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश नगर पालिका के अधिकारियों को दिए, ताकि आवागमन के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की स्थिति, मरम्मत कार्य की गुणवत्ता तथा प्रगति की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने जनपद की यातायात व्यवस्था एवं प्रमुख मार्गों की स्थिति की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़कों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा यातायात के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, अपर जिलाधिकारी (भू0/रा0) अजय अम्बष्ठ, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा, लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिशासी अभियंता, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, एनएचएआई के अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।