Headlines

पानी भरे गड्ढों में उतरे विधायक राजेश गौतम , ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का दिए निर्देश

सुल्तानपुर(कादीपुर)आशुतोष सिंह-आठ साल से अधूरी पड़ी दोस्तपुर-चांदा जिला मार्ग की बदहाल स्थिति मंगलवार को चर्चा का विषय बनी। कादीपुर विधायक राजेश गौतम खुद चप्पल उतारकर सड़क के गड्ढों में भरे पानी के बीच उतर गए। उन्होंने मौके से जिलाधिकारी को फोन कर ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सड़क में भरे पानी में उतरकर देखते भाजपा कादीपुर विधायक।

सरैया गांव के पास जलभराव और सड़क की जर्जर हालत देखकर विधायक का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने निर्माण फर्म को ब्लैकलिस्ट करने और एफआईआर दर्ज कराने की बात कही। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि बरसात में सड़क तालाब बन जाती है। गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों को पैदल निकलने में परेशानी होती है। विधायक ने लोक निर्माण विभाग और निर्माण एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्षों से जनता बदहाल सड़क पर चलने को मजबूर है। विधायक ने जिलाधिकारी से अनुबंध निरस्त कर किसी दूसरी सक्षम फर्म को काम सौंपने को कहा।

निर्माण कार्य अधूरा छोड़ा
दोस्तपुर से चांदा तक करीब 23 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और नवीनीकरण का कार्य वर्ष 2017 में शुरू हुआ था। इसकी लागत 18.50 करोड़ रुपये थी, जो बाद में आठ करोड़ रुपये और बढ़ाई गई। निर्माण एजेंसी ने केवल लगभग पांच किलोमीटर सड़क बनाई। शेष करीब 17 किलोमीटर का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है।
      विधायक ने आरोप लगाया कि रसूख के चलते फर्म पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। यह मार्ग अंबेडकरनगर, बस्ती, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अयोध्या, विंध्याचल और वाराणसी की ओर जाने वाले हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क खराब होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूसरे जिलों के यात्रियों को भी रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ठेकेदार को कई नोटिस जारी किए गए
लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि ठेकेदार को कई बार नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है और यदि बारिश बाधा नहीं बनी तो करीब डेढ़ माह में सड़क पूरी हो जाएगी।