मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिरोजाबाद जिले को करोड़ों रुपये की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने सपा पर जमकर हमला बोला। सीएम ने सपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि यह पार्टी रामनवमी का विरोध करती थी।
फिरोजाबाद: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के जिलों को लगातार सौगातें दे रहे हैं। रविवार को हमीरपुर जिले में 636 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 75 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। इसके अगले ही दिन सोमवार को फिरोजाबाद जिले को करोड़ों की सौगात दी। मुख्यमंत्री सोमवार को कांच नगरी में 658 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया।
सपा के एजेंडे में विकास नहीं- योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा पर हमला करते हुए कहा कि सपा के एजेंडे में विकास नहीं है। समाज को बांटना, सामाजिक एकता को छिन्न-भिन्न करना, गुंडागर्दी-माफियागिरी को प्रोत्साहित करना, गरीब कल्याण के कार्य न होने देना, विकास योजनाओं में रोड़े अटकाना और त्योहारों के पहले उत्सव को उपद्रव में बदल देना ही उसका काम रहा है। यूपी में 2017 के पहले के हालात किसी से छिपे नहीं हैं, लेकिन जनता के आशीर्वाद से डबल इंजन सरकार आज विकास और विरासत की यात्रा को बढ़ा रही है। यूपी अब अच्छी कानून व्यवस्था और विकास परियोजनाओं से पहचाना जा रहा है।
टूंडला और शिकोहाबाद को करोड़ों की सौगात
मुख्यमंत्री ने फिरोजाबाद जिले के टूंडला को 452 करोड़ और शिकोहाबाद को 206 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने बाबा नीम करौली की जन्मस्थली पर नागरिकों को विकास परियोजनाओं की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इसके पीछे हमारे विधायकों की मेहनत है। शिकोहाबाद के विधायक भी हमारी तरह काम करते तो यह संख्या बढ़ सकती थी।
सपा शासन में सीना तानकर उपद्रव करता था माफिया
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार ‘एक जिला-एक उत्पाद’, ‘एक जिला-एक कुजीन’, ‘एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज’ दे रही है, जबकि सपा ‘एक जिला-एक माफिया’ देती थी। हर जिले का चिह्नित माफिया जमीन पर कब्जा, गुर्गों के जरिए व्यापारियों से वसूली कर अराजकता पैदा करता था। प्रदेश को तबाह करने वाले माफिया सीना तानकर उपद्रव करते थे, लेकिन अब यूपी माफिया, गुंडा, उपद्रव मुक्त है। नो कर्फ्यू-नो दंगा, यूपी में है सब चंगा।
