जौनपुर। जिले में आज 12 जनवरी (सोमवार) को नगर स्थित माधव सेवा संघ कार्यालय पर आयोजित विश्व हिंदू परिषद जौनपुर विभाग की बैठक में विहिप के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने संगठन के उद्देश्यों और भावी कार्ययोजना को स्पष्ट शब्दों में रखा। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद का कार्य केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक उत्थान से भी जुड़ा हुआ है। हिंदू समाज पर उत्पन्न होने वाले हर प्रकार के संकट को समाप्त करना, रोजगार सृजन को बढ़ावा देना, तथा मतांतरण पर प्रभावी अंकुश लगाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। गौ रक्षा, मतांतरण रोकथाम और कन्या सुरक्षा मुख्य स्तंभ- परांडे ने स्पष्ट किया कि गौ रक्षा, मतांतरण पर रोक और हिंदू कन्याओं की सुरक्षा विहिप के तीन प्रमुख आधार स्तंभ हैं।
उन्होंने कहा कि जाति विभाजन हिंदू समाज का सबसे बड़ा दोष है, इससे ऊपर उठकर सभी को एकजुट होना होगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि चरित्र निर्माण के बिना समाज का उत्थान संभव नहीं, एक चरित्रवान व्यक्ति ही समाज को सही दिशा दे सकता है। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक परंपरा के साथ- कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीराम दरबार के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं ‘ॐ’ के उच्चारण के साथ हुआ। बैठक का संचालन विभाग सह मंत्री लालमणि पाण्डेय ने किया।
मंदिर सेवा और पुजारियों के प्रशिक्षण पर विशेष बल- मुख्य वक्ता मिलिंद परांडे ने मंदिरों की सामाजिक भूमिका पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि मंदिरों को सेवा केंद्र, जनसुविधा स्थल, अन्नदान और समाज सेवा का माध्यम बनाना चाहिए। उन्होंने पुजारियों के प्रशिक्षण की आवश्यकता बताते हुए सुझाव दिया कि आरती के पश्चात प्रबोधन (धार्मिक-सामाजिक संदेश) की व्यवस्था होनी चाहिए। मंदिरों में कछुए के प्रतीकात्मक महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह इंद्रिय संयम का प्रतीक है और समाज को भी संयमित जीवन अपनाना चाहिए।
धर्मांतरण पर जागरूकता और मातृशक्ति पर चर्चा- प्रबुद्धजनों की बैठक में परांडे ने कहा कि हिंदू समाज की प्रगति में बाधक शक्तियों को चिन्हित कर संगठित प्रयास करने होंगे। उन्होंने ईसाई मिशनरियों द्वारा कराए जा रहे धर्मांतरण के प्रति आमजन में जागरूकता लाने तथा धर्मांतरण प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही मातृशक्ति के स्वास्थ्य, सामाजिक दायित्वों और महिलाओं की गंभीर समस्याओं पर व्यापक चर्चा की आवश्यकता बताई। गौवंश के आर्थिक महत्व पर जोर- उन्होंने समाज से गौवंश के आर्थिक महत्व को समझने और गौ सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया, साथ ही गौ सेवा की महिमा का विस्तार से वर्णन किया।
इस दौरान बैठक में प्रमुख रूप से प्रान्त मंत्री राजनारायण, प्रान्त संगठन मंत्री नितिन, रामसहाय पांडे, महेंद्र शुक्ला, उदयराज सिंह, आशुतोष सिंह, विभाग मंत्री समरबहादुर सिंह, विभाग संगठन मंत्री सत्येंद्र, जिला अध्यक्ष द्वय दिनेश मिश्रा व विमल सिंह, जिला मंत्री द्वय डॉ. सौरभ पांडे व सुनील मौर्या, जिला संयोजक गणेश मोदनवाल, सह संयोजक आनंद उपाध्याय, आशीष मिश्रा, विशाल मोदनवाल, राहुल बाबा, सूरज बाबा, सुनील शर्मा (जिला प्रचार प्रमुख) एवं सुनील मिश्रा (जिला सोशल मीडिया प्रमुख, विहिप काशी प्रांत) सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बताते चलें कि संगठनात्मक एकता, सामाजिक जागरूकता और रोजगार सृजन के संदेश के साथ विहिप की यह बैठक जिले में व्यापक चर्चा का विषय बन हुई दिखाई दी है।
