Headlines

भारत समेत विदेशों तक फर्जी सिम से साइबर फ्रॉड, बरेली में बड़ी साजिश, SIM Card बेचने वाले 10 एजेंट्स पर केस दर्ज

   यूपी की बरेली पुलिस ने सिम बेचने वाले 10 एजेंट्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। भारत और एशियाई देशों में साइबर ठगी का ठिकाना बरेली से जुड़ रहा है।

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस ने पहले से सक्रिय सिम कार्ड कथित तौर पर बेचने वाले दस एजेंटों के खिलाफ पांच थानों में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि प्रेम नगर, बारादरी, फरीदपुर, बिथरी चैनपुर और क्योलड़िया थाने में ये प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान अशोक, हरवेंद्र सिंह, राज अग्रवाल, अनमोल रत्न, सुभाष चंद्र, कृष्णकांत, सचिन कुमार, हरिशंकर, रवि और उमेश के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दक्षिण पूर्व एशियाई देशों से साइबर ठग भारत के लोगों से ठगी करने के लिए बरेली से सक्रिय किए गए सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं।

विदेश से जुड़े सीम की जांच

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर पांच से 20 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान कंबोडिया, म्यांमा, लाओस से संचालित साइबर अपराध में प्रयुक्त होने वाले मोबाइल सिम कार्ड की अवैध बिक्री करने वाले संदिग्ध एजेंट्स की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई, संबंधित दस्तावेजों की जांच करते हुए संदिग्ध पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गयी।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बरेली से खरीदे गए कुछ सिम का इस्तेमाल भारत के अलावा अन्य देशों में हुई साइबर ठगी में किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पांच थानों में सिम बेचने वाले दस एजेंटों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।