जौनपुर में आज पहला हादसा झारखंड से सुमो कर पर निकले परिवार का हुआ। इसमें पांच लोगों की मौत हुई। वहीं, दिल्ली से निकले श्रद्धालुओं की बस हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से भिड़ गई। इसमें भी तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों हादसे गुरुवार की भोर बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर में हुए हैं।
झारखंड नम्बर की टाटा सूमो श्रद्धालुओं को लेकर वाराणसी से कुम्भ की ओर जा रही थी। गुरुवार तड़के जैसे ही सरोखनपुर पहुंची तो किसी अज्ञात वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। सूमो में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिली तो मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को अस्पताल भेजा।
आधे घंटे बाद हो गया दूसरा हादसा
सूमो के हादसे का बचाव कार्य करने के बाद अभी प्रशासनिक टीम सामान्य हो भी नहीं पाई थी कि लगभग आधे घंटे बाद घटनास्थल से सौ मीटर दूर श्रद्धालुओं से भरी बस हाइवे पर खड़े चावल लदे ट्रक में पीछे से भिड़ गई। इस हादसे में बस चालक और दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। लगभग 40 लोग घायल हो गए।