Headlines

अमेरिका जैसा चाहेंगा, वैसा नहीं चलेगा…मिनी ट्रेड डील में क्या शामिल होगा क्या नहीं, भारत ने कर दिया साफ

India US Mini Trade Deal: अगले 24 घंटे में भारत और अमेरिका के बीच एक छोटी ट्रेड डील होनी है। भारत चाहता है कि इस डील से कुछ सेक्टर को बाहर रखा जाए।

नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच एक छोटे व्यापार समझौते (मिनी ट्रेड डील) पर बात चल रही है। पर कुछ मुश्किल क्षेत्रों को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि डेयरी और खेती जैसे क्षेत्रों को इस समझौते से बाहर रखा जा सकता है।

एक रिपोेर्ट के अनुसार एक अधिकारी ने कहा कि यह समझौता अंतिम चरण में है। उन्होंने यह भी कहा कि खेती से जुड़े ज्यादातर मुद्दों पर बाद में बात हो सकती है। अभी के लिए, ऐसा लगता है कि वे इस समझौते के दायरे से बाहर हैं। अधिकारी ने यह भी बताया कि अगले दो दिनों में इस समझौते की घोषणा हो सकती है। दोनों देश अमेरिका सरकार द्वारा लगाए गए जवाबी शुल्क पर 90 दिनों के रोक के 9 जुलाई को खत्म होने से पहले एक समझौते पर पहुंचना चाहते हैं।

किस चीज पर फोकस होगी डील?

एक दूसरे अधिकारी ने बताया कि यह अंतरिम समझौता सिर्फ सामानों के व्यापार पर ही ध्यान देगा। अधिकारी ने यह भी कहा कि दोनों देश कई समझौतों को अंतिम रूप देने पर भी विचार कर सकते हैं, जैसे-जैसे मुद्दे हल होते जाएंगे।

ये क्षेत्र भारत के लिए मुश्किल हैं क्योंकि यहां के किसान ज्यादातर जीवन निर्वाह के लिए खेती करते हैं और उनके पास जमीन भी कम है। अमेरिका 10% से कम शुल्क लगाने को तैयार नहीं है।

क्या चाहता है भारत?

भारत चाहता है कि कपड़ा और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे उद्योगों को अमेरिकी बाजार में ज्यादा जगह मिले। वहीं, अमेरिका चाहता है कि वह भारत को जेनेटिकली मॉडिफाइड (GM) फसलें और पशु आहार बेच सके। यह मुद्दा भारत के लिए थोड़ा संवेदनशील है।