Headlines

केंद्रीय कर्मचारियों का डीए 2% बढ़ा, कैबिनेट ने लगाई मुहर, कितनी बढ़ जाएगी सैलरी?

   केंद्रीय कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उनका डीए दो फीसदी बढ़ाने का फैसला किया है। इससे एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा होगा।देश में अभी 50 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 65 लाख पेंशनर्स हैं।

     नई दिल्ली: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उनका महंगाई भत्ता डीए दो फीसदी बढ़ाने का फैसला किया है। इससे साथ ही केंद्रीय कर्मचारियों का डीए 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया है। इससे एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा होगा।पेंशनर्स को महंगाई राहत (DR) मिलती है। देश में अभी 50 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 65 लाख पेंशनर्स हैं। ऑल-इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स-इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) के 12 महीने के एवरेज के हिसाब से डीए में दो फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान जताया जा रहा था।

केंद्र सरकार समय-समय पर अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनर्स की महंगाई राहत में बढ़ोतरी करती है। इसे साल में दो बार यानी जनवरी और जुलाई में महंगाई के हिसाब से संशोधित किया जाता है। इससे पहले अक्टूबर में डीए में तीन फीसदी बढ़ोतरी की गई थी और यह 55 फीसदी से बढ़कर 58 फीसदी हो गया था।

कितनी बढ़ जाएगी सैलरी

अगर किसी कर्मचारी को हर महीने 36,500 रुपये बेसिक पे मिलती है तो अभी उसका डीए 58 फीसदी के हिसाब से 21,170 रुपये है। 2 फीसदी बढ़ोतरी के बाद उसका डीए 21,900 रुपये पहुंच जाएगा। साथ में जनवरी से एरियर भी मिलेगा।

सॉवरेन मेरिटाइम फंड को मंजूरी

मंत्रिमंडल ने साथ ही सॉवरेन मेरिटाइम फंड को भी मंजूरी दे दी है। इसके लिए 13,000 करोड़ रुपये का कॉर्पस रखा गया है। इसका मकसद भारतीय जहाजों को स्थायी और किफायती इंश्योरेंस कवर देना है। मंत्रिमंडल ने साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को 2028 तक के लिए बढ़ा दिया है। इसके लिए 3,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आवंटन किया गया है।