नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने यूजीसी नेट दिसंबर 2025 परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. सभी आवेदक ऑफिशियल वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in के होमपेज पर उपलब्ध लिंक से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं.
नई दिल्ली (UGC NET December 2025 Admit Card). नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने यूजीसी नेट दिसंबर 2025 सत्र की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. यूजीसी नेट परीक्षा 31 दिसंबर 2025 से शुरू होगी. यह परीक्षा देशभर के विभिन्न केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी. सभी उम्मीदवार आवेदन नंबर और जन्म तिथि के जरिए एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. इसके लिए ऑफिशियल वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर विजिट करना होगा.
यूजीसी नेट एडमिट कार्ड के साथ ही एनटीए ने सख्त गाइडलाइंस और अंडरटेकिंग फॉर्म भी जारी किया है. एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी विवरण (जैसे फोटो, हस्ताक्षर और परीक्षा केंद्र का पता) अच्छी तरह से चेक कर लें. कोई भी गड़बड़ी होने पर तुरंत NTA हेल्पलाइन से संपर्क करें. जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की पात्रता हासिल करने के लिए यूजीसी नेट परीक्षा पास करना जरूरी है. अगर आप इस बार परीक्षा देने से चूक गए तो जून में ही दोबारा शामिल हो पाएंगे.
यूजीसी नेट एडमिट कार्ड दिसंबर 2025
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे. उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in पर जाकर इसे डिजिटल रूप से डाउनलोड करना होगा. डाउनलोड करने के बाद एडमिट कार्ड का क्लियर प्रिंटआउट लेना अनिवार्य है.
यूजीसी नेट दिसंबर 2025 एडमिट कार्ड नीचे लिखे स्टेप्स के जरिए डाउनलोड कर सकते हैं-
- यूजीसी नेट की ऑफिशियल वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर विजिट करें.
- होमपेज पर Public Notices टैब के अंदर नजर आ रहे ‘UGC NET December 2025 Admit Card’ लिंक पर क्लिक करें.
- एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड या जन्म तिथि जैसी डिटेल्स एंटर करें.
- इतना करते ही यूजीसी नेट एडमिट कार्ड स्क्रीन पर डिसप्ले हो जाएगा. उसे सेव करें और फ्यूचर रेफरेंस के लिए प्रिंटआउट निकाल लें.
- सुनिश्चित करें कि एडमिट कार्ड पर आपका बारकोड स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा हो.
-
NTA के आधिकारिक नोटिस के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर केवल एडमिट कार्ड ले जाना काफी नहीं है. इसके साथ ही कई अन्य जरूरी चीजें भी लानी होंगी:
- एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट (स्व-घोषणा पत्र के साथ भरा हुआ)
- एक पासपोर्ट साइज फोटो (जो आवेदन पत्र में लगाई गई थी)
- एक मूल फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या वोटर आईडी)
- नीला/काला बॉलपॉइंट पेन
यूजीसी नेट एडमिट कार्ड में गलती होने पर क्या करें?
अगर आपके एडमिट कार्ड में फोटो या हस्ताक्षर धुंधले हैं या विवरण गलत हैं, तो घबराएं नहीं. आप NTA के हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं या ugcnet@nta.ac.in पर ईमेल कर सकते हैं. समय रहते सुधार न कराने पर परीक्षा केंद्र पर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
