जौनपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जौनपुर नगर के तत्वावधान में वर्ष प्रतिपदा उत्सव व आद्य सरसंघचालक प्रणाम का आयोजन बजरंग शाखा ताड़तला में किया गया।
मुख्य वक्ता प्रो. अविनाश पार्थडिकर ने कहा कि चैत्र नव वर्ष प्रतिपदा तिथि प्रकृति में एक अलौकिक ऊर्जा के स्फुरण का दिन है। आज ही के दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक परम पूज्य डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार जी का जन्म हुआ था।
सभी स्वयंसेवकों को नियमित शाखा जाने व परिवार प्रबोधन का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में धर्मवीर नगर संघचालक, मंगलेश्वरम नगर प्रचारक, वीरेंद्र, डॉ. राजीव नगर कार्यवाह, रविंद्र सह जिला कार्यवाह,अतुल बौद्धिक प्रमुख की उपस्थिति रही।
शाहगंज : बालिका विद्यालय एवं ताखा पश्चिम गांव स्थित मां सरस्वती लाइब्रेरी परिसर में संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती के अवसर पर वर्ष प्रतिपदा उत्सव एवं पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अध्यक्षता अशोक अयोध्या प्रसाद ने की। पथ संचलन पुराना चौक स्थित बालिका विद्यालय से चलकर एराकियाना तिराहा, रामलीला भवन, कोतवाली चौक, डाकखाना तिराहा, घासमंडी चौक, चूड़ी मोहल्ला होते हुए बालिका विद्यालय में जाकर समाप्त हुआ।
बदलापुर : नवसंवत्सर के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को आरएसएस की ओर से कस्बे में पथ संचलन का आयोजन किया गया। सल्तनत बहादुर पीजी कॉलेज के प्रांगण में आयोजित स्वयं सेवकों की सभा में सर्वप्रथम सर संचालक प्रणाम, ध्वज प्रणाम, एकल गीत व अमृत वचन कार्यक्रम हुआ। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुये मुख्य वक्ता खंड संघ संचालक अशोक शुक्ल रहे। अध्यक्षता खंड कार्यवाह जटाशंकर व संचालन सह खंड कार्यवाह कपिल शुक्ल ने किया। इसके बाद पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवकों का पथ संचलन हुआ।
