Headlines

बीएचयू में वैज्ञानिक ने गंभीर बीमारियों के उपचार में सहायक एंजाइम प्रोटीन की खोज की, मिली ये खास जानकारी

   शोध में पाया गया कि इस एंजाइम प्रोटीन की मात्रा सामान्य कोशिका में बढ़ा दी जाए तो इससे कैंसर को बढ़ावा देने वाली कोशिका खत्म हो जाती है। कैंसर के इलाज में कई तरह की दवाएं ऐसी होती हैं जो कैंसर को बढ़ावा देने वाली कोशिकाओं को खत्म करती हैं। 

बीएचयू के वनस्पति विज्ञान विभाग ने प्रोटीन एंजाइम आर्जिनिलट्रांसफेरेज 1 की खोज की है। ये प्रोटीन एंजाइम कैंसर और मस्तिष्क संबंधी बीमारियों के उपचार में सहायक होगी। इस शोध के सार्थक परिणाम आने के बाद इसका प्रकाशन शोध पत्रिका सेल डेथ एंड डिजीज (नेचर पब्लिशिंग ग्रुप) में हुआ है।

    वनस्पति विज्ञान विभाग के शिक्षक डॉ. अखिलेश और उनके शोध छात्र विकास यादव ने ये शोध किया है। डॉ. अखिलेश ने बताया कि कोशिका में कई तरह के प्रोटीन होते हैं, इनका अलग-अलग काम होता है। इनमें से एक एंजाइमेटिक प्रोटीन की खोज शोध के माध्यम से की गई है।
शोध में पाया गया कि इस एंजाइम प्रोटीन की मात्रा सामान्य कोशिका में बढ़ा दी जाए तो इससे कैंसर को बढ़ावा देने वाली कोशिका खत्म हो जाती है। कैंसर के इलाज में कई तरह की दवाएं ऐसी होती हैं जो कैंसर को बढ़ावा देने वाली कोशिकाओं को खत्म करती हैं।

यह खोज कैंसर और मस्तिष्क संबंधी बीमारियों को समझने और उनके इलाज की दिशा में नए रास्ते खोल सकती हैं। डॉ. अखिलेश ने बताया कि यह शोध अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित मियामी विश्वविद्यालय में डॉ. फैंगलियांग झांग की प्रयोगशाला के सहयोग से किया गया है।