जौनपुर। जिले में बृहस्पतिवार को अचानक मौसम परिवर्तन के साथ ही तेज आंधी के बाद बारिश हुई। बारिश से खेतों में रखा गेहूं का बोझ, अनाज और भूसा भीग गया। बारिश से करीब एक हजार हेक्टेयर गेहूं की फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं तेज हवा से कई जगहों पर पेड़ व बिजली के खंभे गिर गए। बिजली का तार टूटने से करीब 15 गांवों में आपूर्ति भी ठप हो गई। कुछ जगहों पर देर शाम तक बिजली नहीं आई। सरपतहां के समोधपुर पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई। बारिश के चलते उमस भरी गर्मी के तापमान में गिरावट दर्ज किया गया। बुधवार को अधिकतम 38 डिग्री तो न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा।
बृहस्पतिवार को तापमान में छह डिग्री की गिरावट दर्ज करते हुए अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।बिजली निगम के सर्किल प्रथम के अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना ने बताया कि आंधी से करीब 15 गांवों में करीब दो से तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। 10 गांवों में आपूर्ति बहाल करा दी गई है, शेष गांवों में फॉल्ट ढूंढने का काम चल रहा है। जल्द ही मरम्मत कर वहां भी आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
सुइथाकलां : सरपतहां थानां क्षेत्र के समोधपुर गांव में साधना (29) पत्नी अनिल यादव सुबह 10 बजे आई तेज आंधी के बीच बारिश की आशंका के चलते दरवाजे पर रखे उपले हटा रही थी। इसी बीच अचानक उसके ऊपर आम का पेड़ गिर गया और वह उसके नीचे दब गई। मौके पर जुटे लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला। परिजन राजकीय पुरुष चिकित्सालय शाहगंज ले गए, वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
महराजगंज : चारों गांव में बृहस्पतिवार को तेज आधी बारिश के साथ बिजली गिरने से रामलवट गौड़ की छप्पर में बंधी दो बकरियां गंभीर रूप से झुलस गईं जबकि एक की मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने इसकी सूचना हल्का लेखपाल को दी।
बदलापुर : सुबह करीब 10 बजे आधे घंटे से तेज हवा के साथ बारिश होती रही। बिन मौसम बरसात से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच गई। अभी महज 30 फीसदी गेहूं की कटाई हुई है तो मड़ाई का काम अभी प्रथम चरण में है। जहां मड़ाई हुई है वहां भूसा खेत में ही पड़ा है। अब किसान कड़ी मेहनत के बाद ही कटाई मड़ाई कर सकेंगे।
तेजीबाजार : क्षेत्र में सुबह से छाए बादल देख किसान परेशान हो गए थे। करीब 11:45 बजे तेज धूल भरी आंधी के बाद पानी की बूंदें गिरने लगी। किसानों ने गेहूं के डंठल गीला होने के कारण दवाई का कार्य रोककर गेहूं को भीगने से बचाने में लग गए। इस समय किसानों की गेहूं की फसल काटकर दवाई के लिए सुखाई का कार्य चल रहा है। अरहर चना आदि भी सूख रहे थे। दिलशादपुर के किसान अमित मौर्या, लालजी मौर्या ने बताया कि बरसात से दवाई रुक गई वही कुछ गेहूं भी भीग गया। बारिश से फसलों का काफी नुकसान पहुंचा है।
धर्मापुर : शीतला चौकियां धाम में बृहस्पतिवार की सुबह आई आधी से देवचंदपुर स्थित जिओ टावर के पास लगा 11 हज़ार हाईटेंशन तार का विद्युत पोल टूटकर गिर गया। हालांकि घटना के समय मार्ग पर कोई राहगीर मौजूद नहीं था। बिजली का खंभा टूटने से क्षेत्र में आपूर्ति बाधित हो गई।
मड़ियाहूं : क्षेत्र में बृहस्पतिवार की दोपहर में अचानक मौसम में आए बदलाव से आसमान में घने बादल छा गए, धूल भरी आंधी से गेहूं की कटाई मड़ाई में जुटे किसान परेशान रहे।
सिकरारा : आधे घंटे धूल भरी तेज आंधी के बाद पानी की बौछारें शुरू हो गईं जो करीब 10 मिनट तक चली। आंधी से जगह-जगह बिजली के जर्जर टूटकर गिर गए, इससे आपूर्ति बाधित हो गई। गेहूं की फसल काटकर खलिहान में पहुंच चुकी है। बरसात होने से मड़ाई का कार्य बाधित हो गया है।जफराबाद : क्षेत्र में तेज आंधी के साथ बारिश से उमस व तापमान में कमी आई। बारिश से फसलों को भी नुकसान हुआ।
मल्हनी : सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोठवार बाजार के समीप सुबह करीब 11 बजे आंधी से सड़क के बीचोबीच जामुन का पेड टूटकर गिर गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने करीब 1 घंटे कड़ी मेहनत के पेड़ को हटाकर दो घंटे बाद आवागमन चालू करा दिया।
केराकत : केराकत क्षेत्र के गांवों में दोपहर अचानक बदला मौसम किसानों पर कहर बनकर टूटा। तेज आंधी व बारिश ने खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल को बर्बाद कर दिया। किसान नेता संतोष यादव, सरकी गांव के प्रेमप्रकाश यादव, श्यामबहादुर सिंह, उमाकांत सिंह ने प्रशासन से मांग किया कि तत्काल क्षति का आकलन कराकर मुआवजा दिलाया जाए।
खुटहन : फतेहगढ़ गांव में तेज आंधी से गायत्रीनगर जाने वाले मार्ग पर शीशम का पेड़ गिर गया। इसी तरह बीरमपुर बाजार के चौराहे पर एक आम का पेड़ गिर गया। इससे करीब दो घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने उसकी डालें काटकर मार्ग खाली कराया।