भारत-पाकिस्तान ने चार दिन के संघर्ष के बाद संघर्ष विराम का एलान किया, लेकिन कुछ घंटे बाद ही सीमा पर फिर से गोलीबारी और सीमावर्ती जिलों में ड्रोन घुसपैठ से हालात फिर से बिगड़ते दिखे। भारत ने सेना को किसी भी कार्रवाई का उसी तरीके से जवाब देने का आदेश दिया है। फिलहाल संघर्ष विराम पर संशय बरकरार है।
भारत-पाकिस्तान के बीच चार दिन तक चले जबरदस्त संघर्ष के बाद शनिवार शाम दोनों देशों ने आपसी सहमति से गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने का एलान किया। लेकिन कुछ ही घंटों बाद सीमा पर हुए धमाकों और ड्रोन की गतिविधियों ने पाकिस्तान के इरादों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शाम 6 बजे से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह घोषणा की कि दोनों देशों के सैन्य ऑपरेशन रोक दिए गए हैं।
दोनों देशों के संघर्ष विराम एलान से पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इसे लेकर पोस्ट किया और पूरा श्रेय लेने का प्रयास किया। जबकि भारत ने साफ शब्दों में कहा कि- ये संघर्ष विराम सिर्फ दो देशों के बीच बातचीत के बाद लिया गया है। लेकिन रात करीब 11 बजे विदेश सचिव विक्रम मिस्री को दोबारा प्रेस वार्ता कर यह बताना पड़ा कि पाकिस्तान ने शाम होते-होते संघर्ष विराम का उल्लंघन कर दिया और भारतीय सेना ने इसका माकूल जवाब दिया।