भारत विकास परिषद शौर्य ने शाखा संयोजकों का किया चयन

जौनपुर। भारत विकास परिषद शौर्य के संस्थापक और लगातार तीसरी बार चयनित अध्यक्ष डॉ. संदीप पाण्डेय के नेतृत्व में शहर के प्रतिष्ठित सभागार में बैठक हुई जहां काशी प्रांत के पदाधिकारियों के निर्देशानुसार सर्वसम्मति से शाखा संयोजकों का चयन किया गया। सर्वप्रथम कार्यक्रम में भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पार्पण और दीप प्रज्जवलित किया गया जिसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने वंदे मातरम गीत गाया।
इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष डॉ. संदीप पाण्डेय ने कहा कि काशी प्रांत की नई कार्यकारिणी द्वारा शाखा संयोजकों का पद सृजन एक सराहनीय निर्णय है। इसके द्वारा निश्चित रूप से शाखा के कार्यक्रमों को बल मिलेगा। इसी क्रम में सचिव अवधेश गिरी ने शाखा संयोजकों के दायित्व के विषय में लोगों को बताया।
इसके अलावा वर्तमान कोषाध्यक्ष जनार्दन पाण्डेय और संगठन सचिव जयशंकर सिंह ने भी अपने विचार प्रस्तुत किये। अध्यक्ष की अनुमति से शाखा संयोजकों की चयन प्रक्रिया का आरंभ हुआ जहां सर्वप्रथम शाखा संयोजक ‘सम्पर्क’ के रूप में अतुल जायसवाल, शाखा संयोजक ‘सेवा’ के लिए दया निगम, शाखा संयोजक ‘संस्कार’ के लिए नीरज श्रीवास्तव, शाखा संयोजक ‘पर्यावरण’ के लिए पंकज सिंह का चयन किया गया। सभी पदाधिकारियों का जोरदार तालियों से स्वागत किया गया।
इसके अतिरिक्त बैठक में वर्ष भर की बैठकों के संयोजक के रूप में नित्यानंद पाण्डेय तथा रचनात्मक गतिविधियों के संयोजक के रूप में सम्मिलित रूप से नीरज श्रीवास्तव, डॉ. आशुतोष और राहुल पाण्डेय को नियुक्त किया गया। अंत में राष्ट्रगान से कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम का संचालन निवर्तमान कोषाध्यक्ष अमित पाण्डेय ने किया।