Site icon Uttar Pradesh Jagran

ससुराल में युवक की मौत, ऑडियो मेसेज भेजकर जताई थी हत्या की आशंका

चंदवक। थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में एक युवक की ससुराल में मौत का मामला सामने आया है। घटना वाली रात युवक ने भाई को ऑडियो मेसेज भेजकर अपनी हत्या की आशंका जताई थी। मृतक के भाई ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप में पत्नी, ससुर, साली के खिलाफ नामजद व अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। मृतक के भाई पिंटू सिंह ने बताया कि बुलंदशहर जिले के अनौना गांव निवासी बंटी सिंह (38) की शादी 15 वर्ष पूर्व चंदवक थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में हुई। बंटी पिछले कई वर्षों से अपने ससुराल में ही रहता था।

बुधवार को बंटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके बाद ससुराल पक्ष ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इसकी जानकारी मृतक के घरवालों को नहीं दी गई। पिंटू सिंह ने बताया कि उसके भाई की मौत बुधवार की रात हुई ये जानकारी किसी गांव वाले ने शुक्रवार को उसे फोन से दी। इस पर शनिवार को पिंटू सिंह बुलंदशहर से चंदवक थाने पहुंचा तो उसने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या की गई है।

इसके पीछे मृतक के ससुर, पत्नी, साली समेत गांव के कुछ अन्य लोग शामिल हैं। पिंटू ने बताया कि घटना की रात उसके भाई बंटी ने एक ऑडियो मेसेज भेजा था। इसमें उसने स्पष्ट रूप से कहा है किन-किन लोगों से उसे जान का खतरा है। चंदवक थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर ससुर उमाशंकर, पत्नी मैना, और साली मंजू समेत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। ऑडियो मैसेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version