भारतीय जनता पार्टी को जल्द ही नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने की संभावना है, क्योंकि पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव नए नेतृत्व में लड़ना चाहती है। उपराष्ट्रपति चुनाव और कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव में देरी के कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन में विलंब हुआ है। पार्टी नेतृत्व ने इस संबंध में शीर्ष संगठन के नेताओं से राय ली है।
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की खोज लंबे समय से चल रही है। लेकिन अब जल्द ही बीजेपी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने की संभावना है। क्योंकि पार्टी नेतृत्व चाहता है कि बिहार विधानसभा चुनाव नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में लड़ा जाए।
सर्चिंग आईज इंग्लिश डेली (खोजी पत्रकारिता में एक उत्कृष्ट आयाम) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले बीजेपी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। कई कारणों से राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन में देरी हुई है। जिसमें एक बड़ा कारण विचार-विमर्श है। बीजेपी और आएसएस ने शीर्ष 100 संगठन नेताओं से इस संबंध में राय ली। इसमें पूर्व पार्टी प्रमुख, वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री और आरएसएस-बीजेपी से जुड़े वरिष्ठ नेताओं से भी नए बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर सलाह की गई।

