सूरज भास्कर डीफार्मा कर चुका नीट की तैयारी कर रहा था। 2026 में उसे हर हाल में एमबीबीएस में दाखिला लेना था। पुलिस को कॉल डिटेल , प्रेमिका के बयान और युवक की व्यक्तिगत डायरी से इसके मंसूबों के बारे में पता चल गया। अब सूरज के खिलाफ पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी।
यूपी के जौनपुर स्थित लाइन बाजार थानाक्षेत्र के खलीलपुर में सूरज भास्कर (24) के बाएं पैर का पंजा काटे जाने के मामले का खुलासा पुलिस ने गुरुवार को किया। पुलिस ने दावा किया कि सूरज ने डीफार्मा किया है। नीट की तैयारी में लगा है। दिव्यांग कोटे से एमबीबीएस में दाखिला मिल जाए इसलिए खुद ही अपने पैर का पंजा काट लिया था । यह सच युवक की व्यक्तिगत डायरी और प्रेमिका के बयान से सामने आ सका। मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अब मामले में एफआर लगाई जाएगी। पुलिस को धोखे में रखने वाले सूरज के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पैर में बची केवल एड़ी
सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता के मुताबिक, रविवार (18 जनवरी 2026) को सूचना मिली थी कि सूरज के साथ रात 12 बजे मारपीट की गई थी। जब वह सुबह सोकर उठा तो उसके बाएं पैर का पंजा काट लिया था। केवल एड़ी ही बची थी। पुलिस ने सूरज के बयान और तहरीर के आधार पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की और जांच शुरू कर दी। पुलिस की जांच में पीड़ित ने बार-बार बयान बदला और भरमाने का प्रयास किया। इससे शक की सुई गहरा गई।

