जौनपुर। इस बार तीन चरण में जिले भर में हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 14 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह जानकारी सोमवार को डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि तीन चरण में आयोजित हर घर तिरंगा कार्यक्रम में 02 अगस्त से 08 अगस्त तक विद्यालयों में रंगोली, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा स्वरूप राखी बनाने की कार्यशाला व विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। लोगों को स्वतंत्रता सेनानी पिंगली वेंकैया के राष्ट्रीय ध्वज की डिजाइन में उनके योगदान से अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 09 अगस्त से 12 अगस्त तक तिरंगा महोत्सव व मेले का आयोजन जनसहभागिता से किया जाएगा। साथ ही लोग तिरंगा विद सेल्फी को पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इसके बाद 13 अगस्त से 15 अगस्त तक सरकारी व निजी कार्यालयों, संस्थानों और लोगों के घरों में तिरंगा लगाया किया जाएगा। इस दौरान सभी लोग सम्मान के साथ अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाएंगे। 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ पर तिरंगा यात्रा निकली जाएगी। जिसमें स्कूल-कॉलेजों व अन्य संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभाजन की याद में मौन यात्रा निकाली जाएगी।
15 अगस्त को ‘स्वतंत्रता दिवस’ पर सभी सरकारी कार्यालयों, निजी कार्यालयों, पंचायत भवनों, सहकारी समितियों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराया जाएगा तथा राष्ट्रगान गाया जाएगा। डीएम ने बताया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का टैग लाइन है मिट गए जाने कितने इसके मान में, हर घर तिरंगा फहराएंगे उनकी शान में है। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 08 अगस्त की सुबह 06 बजे से 10 अगस्त की रात 12 बजे तक रोडवेज की बसों व नगरीय बस सेवा की बसों में महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

