
जौनपुर(बदलापुर)निलेश कुमार सिंह- धान खरीद अभी रफ्तार भी नहीं पकड़ पाई है कि बारिश ने नई चुनौती पैदा कर दी है। ज्यादातर केंद्रों पर धान को खुले में रखा गया है।
तिरपाल की भी व्यवस्था नहीं की गई है। ओस उसमें नमी की मात्रा बढ़ी थी। मंगलवार की रात हुई बारिश में कई केंद्रों में धान भीग गया। घरों के बाहर धान रखने वाले किसान मौसम के रुख को देखकर चिंतित हैं।
जिले में 15 अक्तूबर से धान की खरीद शुरू हुई। 26 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। नौ क्रय एजेंसियों के 142 क्रय केंद्रों पर 11 हजार किसानों से पांच लाख क्विंटल धान की खरीद की गई है। भंडारण की व्यवस्था नहीं होने के कारण क्रय केंद्रों पर धान खुले आसमान के नीचे है। उसे ढकने की भी व्यवस्था नहीं की गई है।
मंगलवार की रात कई केंद्रों पर धान हल्की बारिश में भीग गया। किसानों से तो ट्रैक्टर-ट्राली पर लदा धान तिरपाल से ढंक कर बचा लिया। धान भीगने पर नमी बढ़ेगी तो धान बेचने में किसानों को दिक्कत होगी। बदलापुर के विपणन शाखा से 197 किसानों से 7822 क्विंटल धान की खरीद हुई है। यह धान खुले आसमान के नीचे रखा गया है। विपणन निरीक्षक ज्ञानी गौतम ने बताया कि मौसम को देखते हुए तिरपाल की व्यवस्था की जा रही है।