जौनपुर। नगर के डॉक्टर रिज़वी लर्नस एकेडमी प्रांगण में नगर पालिका परिषद जौनपुर द्वारा “हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता” अभियान के तहत आज स्वच्छ राखी – स्वच्छ बंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. रिजवी लर्नर्स एकेडमी की छात्राओं ने वेस्ट मटेरियल से सुंदर राखियां बनाकर नगर पालिका में कार्यरत सफाई मित्रों को राखी बांधकर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर (शहरी) श्रीमती खुशबू यादव ने छात्राओं को घर से निकलने वाले कचरे को सूखा और गीला अलग-अलग करने की सलाह देते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों का सम्मान करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में स्वच्छ सारथी क्लब की छात्राओं ने भी भाग लिया और सफाई मित्रों को मिठाई खिलाकर उन्हें धन्यवाद दिया। इस पहल से बच्चों में स्वच्छता और सामाजिक सेवा के प्रति जागरूकता भी उत्पन्न हुई। नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न सिर्फ एक पर्व को पर्यावरण और स्वच्छता से जोड़ने का प्रयास है, बल्कि समाज में सेवा भाव और सम्मान की भावना को भी प्रोत्साहित करता है। इस मौके पर छात्र सहित अन्य लोग मौजूद रहें। संचालन सलमान शेख ने किया।

