Site icon Uttar Pradesh Jagran

PM मोदी ने सेमीकंडक्टर कंपनियों के CEO से की मुलाकात, भारत में निवेश और नवाचार बढ़ाने पर जोर

  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सेमीकंडक्टर कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और उन्हें भारत के सेमीकंडक्टर विकास के अगले चरण में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सेमीकंडक्टर कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और उन्हें भारत के सेमीकंडक्टर विकास के अगले चरण में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। यह बैठक सेमीकॉन इंडिया के पांचवें संस्करण की पूर्व संध्या पर बुधवार को सेवा तीर्थ में आयोजित हुई।

इसमें माइक्रोन, इन्फिनिऑन, एप्लाइड मैटेरियल्स, एएसएमएल, मर्क, टोक्यो इलेक्ट्रॉन, फुजीफिल्म, एएमडी, इंटेल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, लैम रिसर्च, रैपिडस, एनएक्सपी, फॉक्सकॉन, सेमीकंडक्टर डिवाइसेज, एडवांटेस्ट, सेलेस्टा कैपिटल, सीजी पावर और आईबीएम रिसर्च सहित कई कंपनियों के सीईओ शामिल हुए।

वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग निकाय एसईएमआई के प्रतिनिधि भी इस बैठक में मौजूद रहे। यह निकाय सेमीकॉन इंडिया के 2026 संस्करण का सह-आयोजन भी कर रहा है। बैठक में मोदी ने देश की मजबूत सेमीकंडक्टर प्रतिभा की नींव पर प्रकाश डाला और उद्योग से वृद्धि, नवाचार एवं एआई और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को सेमीकॉन इंडिया के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। सिलिकन से सेमीकंडक्टर तक संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण पर केंद्रित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में 10 से अधिक राज्यों के 400 से अधिक फर्में और स्टार्टअप के साथ-साथ 20 देशों की 500 से अधिक कंपनियों के भाग लेने की संभावना है। जापान, कोरिया, नीदरलैंड, सिंगापुर, मलेशिया और स्वीडन समेत कई देशों के मंडप भी लगाए जाने की उम्मीद की जा रही है।

Exit mobile version