Site icon Uttar Pradesh Jagran

उत्तर कोरिया ने 3 घंटे में जापान की ओर दागीं दो बैलिस्टिक मिसाइलें, अमेरिकी अभ्यास पर जताया विरोध

उत्तर कोरिया ने रविवार को अमेरिका पर सैन्य अभ्यास से तनाव बढ़ाने का आरोप लगाते हुए जापान की ओर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।

सियोल। उत्तर कोरिया ने रविवार को तीन घंटे के भीतर दो बैलेस्टिक मिसाइलें दागीं। उसने ये मिसाइलें अपने पूर्वी समुद्र तट से जापान की ओर दागीं।

उत्तर कोरिया ने अमेरिका पर सैन्य अभ्यास के जरिये कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कम दूरी की बैलेस्टिक मिसाइलें दागी हैं। वैसे उत्तर कोरिया कई वर्ष पहले बैलेस्टिक मिसाइल विकसित कर चुका है और उनका परीक्षण भी कर चुका है।

उत्तर कोरिया के मिसाइल दागने की जानकारी पड़ोसी देश दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने दी है। बाद में जापान के रक्षा मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की और दागी गई मिसाइलों को बैलेस्टिक मिसाइल बताया। जापान की सरकारी मीडिया एजेंसी एनएचके ने बताया है कि उत्तर कोरिया की मिसाइलें जापान के एक्सक्लूसिव इकोनोमिक जोन के बाहर गिरीं।

पहली मिसाइल ने करीब 450 किलोमीटर का सफर तय किया जबकि दूसरी मिसाइल करीब 600 किलोमीटर दूर जाकर गिरी। ये दोनों उत्तर कोरिया द्वारा विकसित ह्वासोंग-11 श्रेणी की मिसाइलें थीं।

दक्षिण कोरिया और अमेरिका के खुफिया विभाग उत्तर कोरिया की सैन्य गतिविधियों पर नजर रखते हैं और जानकारियों को जापान के साथ साझा करते हैं।

इससे पहले उत्तर कोरिया ने 12 सितंबर को कम दूरी की मिसाइल का परीक्षण किया था जिस पर सुरक्षा परिषद के निर्देश का हवाला देते हुए दक्षिण कोरिया ने कड़ा विरोध जताया था।

कहा था कि उन निर्देशों के अनुसार उत्तर कोरिया मिसाइल परीक्षण नहीं कर सकता है। जापान ने भी उत्तर कोरिया की गतिविधि पर विरोध जताया है।

(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

Exit mobile version