Site icon Uttar Pradesh Jagran

दुनिया में अपनी ताकत दिखा रहा ‘नया भारत’, जल्द बनेगा दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था; सिंगापुर में बोले CM योगी

   सीएम योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर में भारत की बढ़ती ताकत का जिक्र किया। देश की अर्थव्यवस्था में उछाल की बात कही। जल्द भारत के दुनिया के तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की बात कही।

   उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर दौरे के दौरान देश की बदलती स्थिति की चर्चा की। सिंगापुर में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम सभी को गर्व है कि न्यू इंडिया दुनिया को अपनी ताकत दिखा रहा है। हर भारतीय को न्यू इंडिया पर गर्व होना चाहिए। न्यू इंडिया जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकॉनमी के तौर पर अपनी पहचान बनाएगा। सीएम योगी ने भारत की ऐतिहासिकता और आध्यात्मिक चेतना का भी इस मौके पर जिक्र किया। सीएम योगी के भाषण के दौरान लोग जय श्रीराम के जयकारा लगाते सुनाई दिए।

भारत दुनिया की बन रहा ताकत

सीएम योगी ने कहा कि दुनिया में भारत लगातार अपनी ताकत को बढ़ा रहा है। देश के विकास में हर व्यक्ति को कुछ न कुछ योगदान होता है। हम उसी भाव को लेकर चल रहे हैं। सिंगापुर में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज हम सब पर हम सबको इस बात पर गौरव की अनुभूति होती है कि नया भारत दुनिया के अंदर अपनी ताकत दिखा रहा है। नए भारत पर हर भारतवासियों को गौरव की अनुभूति होनी चाहिए। भारत बहुत जल्द दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजनरी लीडरशिप में भारत आज दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हो रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ आज भारत ने प्रत्येक क्षेत्र में एक नई ऊंचाइयां प्राप्त की है। कोई सोच सकता है आज से पहले 11 वर्ष से पहले इस प्रकार के विकास की राह पर देश चलेगा। कोई सोच सकता है कि भारत डिजिटल इंडिया की बात करेगा। क्या भारत स्टार्टअप इकोसिस्टम के बारे में चर्चा को आगे बढ़ाएगा। भारत स्टैंड अप कलर को आगे बढ़ा पाएगा, लेकिन आज देश ने इस दिशा में काम किया है। इसको करके दिखाया भी है।

एआई समिट का जिक्र

सीएम योगी ने नई दिल्ली में आयोजिम ग्लोबल एआई समिट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आपने भारत की राजधानी दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई समिट के आयोजन को देखा होगा। 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने इसमें भाग लिया। 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि इस समिट में भागीदार बने। दुनिया के जो विकसित देश है। दुनिया के विकसित देशों के राष्ट्राध्यक्ष आज पीएम मोदी के साथ मिलकर काम करने को इच्छुक हैं। नया भारत न केवल 140 करोड़ भारतीयों के लिए, बल्कि वैश्विक व्यवस्था के हित के लिए जो कदम उठा रहा है, तमाम देशों ने मुक्त कंठ से इसकी प्रशंसा की है।

    भारत के बारे में 5 हजार वर्ष पहले एक ऋषि ने कहा था, भारत में जन्म लेना दुर्लभ है। वह भी मनुष्य के रूप में लेना और भी दुर्लभ है। इसलिए इस जन्म को सद्भाव के कार्य में लगाएं। पूरी दुनिया एक परिवार है। नया भारत दुनिया के अंदर अपनी ताकत दिखा रहा है। नया भारत बहुत ही शीघ्र ही विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्वयं को स्थापित करेगा।-योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री

 

पूर्व की सरकारों पर हमला

सिंगापुर में भी सीएम योगी ने पिछली सरकारों की स्थिति को लेकर हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि यूपी में आज से 9 वर्ष पहले क्या स्थिति थी? कानून व्यवस्था की स्थिति क्या थी? दंगे, असुरक्षा, अव्यवस्था, अराजकता प्रदेश की पहचान बन गई थी। पिछले 9 वर्ष के भीतर प्रधानमंत्री मोदी विजनरी लीडरशिप में आपने देखा होगा, प्रदेश का जमीनी स्तर पर विकास हुआ है। उत्तर प्रदेश भारत की आत्मा का प्रदेश है। विरासत और विकास का एक अद्भुत संगम आज आपको वहां देखने को आपको मिलेगा।

सीएम योगी ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर भगवान श्रीराम के शानदार राम मंदिर के निर्माण की बात कही। इस पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाने शुरू किए। सीएम योगी ने कहा कि हम जब राम मंदिर निर्माण की बात करते हैं तो यह केवल मंदिर नहीं, यह भारत की मर्यादा का अहसास भी हर भारतवासी को कराता है। हम एक केवल अपनी विरासत को फिर से स्थापना करने का ही कार्य नहीं कर रहे, विकास की दिशा में भी तेजी से काम कर रहे हैं। काशी विश्वनाथ और मथुरा-वृंदावन के विकास का भी सीएम योगी ने जिक्र किया।

    उत्तर प्रदेश में आज से 9 वर्ष पहले अव्यवस्था की स्थिति थी। दंगे, असुरक्षा, अराजकता, अव्यवस्था वहां की पहचान बन गया था। पिछले 9 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विजनरी लीडरशिप में आज अपने देखा होगा, उत्तर प्रदेश जो भारत का आत्मा का प्रदेश है, आज वहां विकास और विरासत का एक अदभुत संगम देखने को मिल रहा है।
     सीएम ने कहा कि दुनिया के अंदर भक्ति कैसे होती है। उसका भाव देखना है तो मथुरा-वृंदावन की भूमि उसका प्रतीक बनती दिखाई देती है। समरसता का भाव देखना हो तो प्रयागराज की धरती पर इसे देख सकते हैं। माघ मेला, कुंभ मेले में समरसता के दर्शन होते हैं। वहां न कोई छोटा है, न बड़ा। न बालक है, न जवान, न बुजुर्ग, सभी लोग मिलकर हर- हर गंगे का जाप करते हुए कड़कड़ाती ठंड में आस्था की डुबकी संगम में लगाते हैं। अपनी आस्था के माध्यम से एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करता हुए दिखते हैं। यही तो भारत की आत्मा है। भारत आज हर क्षेत्र में तरक्की की राह पर है।
Exit mobile version