भारत रत्न राष्ट्र ऋषि नाना जी देशमुख और स्वामी रामदेव के अकादमिक दर्शन का लाभ दोनों विश्वविद्यालय को मिलेगा
चित्रकूट, 25 जून 2025। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों को व्यवहारिक तौर पर यथार्थ का धरातल प्रदान की दिशा में संलग्न महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय चित्रकूट द्वारा उच्च और प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों से अकादमिक एमओयू की श्रृंखला में आज पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार का नाम भी जुड़ गया है। आचार्य बाल कृष्ण की मौजूदगी में महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय और पतंजलि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, शोध एवं नवाचार सहयोग हेतु एमओयू कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस मौके पर आचार्य बाल कृष्ण ने महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो भरत मिश्रा को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर आचार्य बाल कृष्ण और प्रो भरत मिश्रा ने विश्वास व्यक्त किया कि इस अकादमिक एमओयू के माध्यम से संचालित गतिविधिया सर्वांगीण ग्राम विकास, भारतीय ज्ञान परंपरा, आयुर्वेद एवं योग आधारित उच्च शिक्षा को नई दिशा देगा। उल्लेखनीय है कि महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय चित्रकूट प्रख्यात समाजसेवी, चिंतक, भारत रत्न राष्ट्र ऋषि नानाजी देशमुख द्वारा स्थापित किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर के योग और आयुर्वेद के विद्वान स्वामी रामदेव जी महाराज पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार के संस्थापक हैं। दोनों विश्वविद्यालय परंपरागत विश्वविद्यालयो से भिन्न युगानुकुल विशेष शिक्षा और सर्वांगीण विकास की दृष्टि से स्थापित हुए है।

