30 नवंबर से 9 दिसंबर तक आयोजित होगा 10 दिवसीय टूर्नामेंट, देश के विभिन्न राज्यों की पुरुष एवं महिला टीमें करेंगी प्रतिभाग
चित्रकूट/ राष्ट्रऋषि भारत रत्न नानाजी देशमुख की स्मृति पर आयोजित होने वाले नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट पुरुष / महिला “चित्रकूट चैलेंज कप – 2025 ” के 12वें संस्करण (वर्ष) के आयोजन के संबंध में आयोजन समिति दीनदयाल शोध संस्थान एवं चित्रकूट स्पोर्ट्स क्लब कर्वी की महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय जिला पंचायत चित्रकूट कर्वी के सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि दीनदयाल शोध संस्थान चित्रकूट एवं चित्रकूट स्पोर्ट क्लब कर्वी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए जाने वाले नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट ” चित्रकूट चैलेंज कप (महिला /पुरुष )- 2025 ” के 12वें संस्करण का आयोजन स्थानीय राजकीय जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम कर्वी चित्रकूट में दिनांक 30 नवंबर 2025 से 9 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा। इस 10 दिवसीय टूर्नामेंट में देश के विभिन्न राज्यों की पुरुष एवं महिला टीमें प्रतिभाग कर अपने क्रिकेट कौशल का प्रदर्शन करेंगी । इसके अतिरिक्त एक सद्भावना मैच मध्य प्रदेश प्रशासन एकादश तथा चित्रकूट प्रशासन एकादश के मध्य खेला जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे संगठन सचिव दीनदयाल शोध संस्थान अभय महाजन ने टूर्नामेंट की श्रेष्ठता, भव्यता जन-जन तक पहुंच एवं जुड़ाव तथा उसे अधिक से अधिक आकर्षक बनाने के विषय में अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। पूर्व सांसद एवं क्लब के मुख्य संरक्षक भैरों प्रसाद मिश्रा ने टीमों की चयन प्रक्रिया, आवास एवं भोजन व्यवस्था आदि पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वरिष्ठ संरक्षक एवं जिला शासकीय अधिवक्ता अशोक गुप्ता ने अन्य व्यवस्थाओं यथा पंडाल एवं साउंड व्यवस्था, उद्घाटन एवं समापन सत्र समारोह तथा आगंतुक अतिथियों की आवास एवं भोजन के संबंध में सुझाव प्रदान किए।
बैठक को सफल बनाने में क्लब के सदस्य कमरुल इस्लाम, अशोक प्रजापति, महेश प्रजापति, अशोक सेन, मनीष आदि का योगदान सराहनीय रहा। बैठक का संचालन तुषार कांत शास्त्री एवं अतिथियों का आभार प्रदर्शन चित्रकूट स्पोर्ट्स क्लब के संयोजक कमलेश कुमार द्वारा किया गया।

