Site icon Uttar Pradesh Jagran

धर्मांतरण मामले में मौलाना हिफजुर्रहमान का बेटा जुनैद गिरफ्तार, तमंचा बरामद, पिता और भाई की तलाश तेज

    मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव फुलत स्थित मदरसा दारुल उलूम रहीमिया से जुड़े धर्मांतरण प्रकरण में पुलिस ने नामजद मदरसे के संचालक मौलाना हिफजुर्रहमान अंसारी के पुत्र जुनैद अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव फुलत स्थित मदरसा दारुल उलूम रहीमिया से जुड़े धर्मांतरण प्रकरण में पुलिस ने नामजद और जांच के दौरान संदिग्ध भूमिका सामने आने पर मदरसे के संचालक मौलाना हिफजुर्रहमान अंसारी के पुत्र जुनैद अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया, जबकि मुख्य आरोपी मौलाना हिफजुर्रहमान और उसका दूसरा पुत्र जुबैर अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

उसके पास से एक अवैध तमंचा बरामद

पुलिस के अनुसार, रतनपुरी थाना पुलिस बुधवार को फुलत गांव के आसपास नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान फुलत मार्ग पर एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान जुनैद अंसारी पुत्र मौलाना हिफजुर्रहमान अंसारी निवासी गांव फुलत के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध तमंचा बरामद होने का दावा किया गया।

हिंदू युवकों का कथित रूप से धर्मांतरण कराने के आरोप

यह पूरा मामला उस मुकदमे से जुड़ा है, जो गांव फुलत निवासी यूनुस की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में मदरसा संचालक मौलाना हिफजुर्रहमान अंसारी और उसके पुत्र जुबैर अंसारी पर हिंदू युवकों का कथित रूप से धर्मांतरण कराने तथा सरकारी भूमि पर कब्जा करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने इन आरोपों के आधार पर जांच शुरू की थी।

स्वामी यशवीर महाराज ने भी किया था दावा

मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया था, जब बघरा स्थित योग साधना आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज ने सार्वजनिक रूप से दावा किया कि मदरसा दारुल उलूम रहीमिया में अवैध रूप से धर्मांतरण का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया था कि यहां हिंदू युवक-युवतियों का धर्म परिवर्तन कराया जाता है। इसके बाद मौलाना की तलाकशुदा पुत्रवधू भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची थी और उसने मदरसे से जुड़े लोगों पर कई गंभीर आरोप लगाए थे।

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि मदरसे में नशीली ओर सेक्सवर्धक दवा खिलाकर महिलाओं का यौन शोषण किया जाता था और उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जाता था। इन आरोपों के बाद पुलिस ने मामले की जांच का दायरा बढ़ाते हुए कई लोगों से पूछताछ की।

      जांच के दौरान जुनैद अंसारी की भूमिका सामने आने पर उसकी गिरफ्तारी की गई है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मुख्य आरोपी मौलाना हिफजुर्रहमान अंसारी और उसके पुत्र जुबैर की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
अक्षय संजय महाडीक, एसपी देहात
Exit mobile version