80-100 किमी/घंटा की ऑपरेटिंग स्पीड के लिए डिजाइन किए गए इस प्रोजेक्ट से NH-31 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच यात्रा का समय लगभग 40 मिनट से घटकर 20 मिनट हो जाएगा
Cabinet Decision: उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में भीड़भाड़ को कम करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को वाराणसी के लिए दो हाईवे प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी। इन प्रोजेक्ट्स पर कुल मिलाकर लगभग 25,500 करोड़ रुपये का निवेश होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (CCEA) ने वाराणसी शहर में भीड़भाड़ को कम करने के लिए वरुणा नदी के किनारे नेशनल हाईवे-31 और वाराणसी रिंग रोड को जोड़ने वाले 43.22 किलोमीटर लंबे लिंक रोड के विकास को मंजूरी दी।
HAM मॉडल से बनेगा नया कॉरिडोर
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस परियोजना में मुख्य सड़क मार्ग, फ्लाईओवर, लूप, रैंप और सर्विस रोड समेत छह/चार-लेन वाला मुख्य रूप से एलिवेटेड गलियारा शामिल है। इसे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (HAM) के तहत कुल 10,998.32 करोड़ रुपये की लागत से पूरा करेगा। हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) वाला एक फ्रेमवर्क है जिसका उपयोग मुख्य रूप से देश में इंफ्रा प्रोजेक्ट्स की फंडिंग के लिए किया जाता है।
Also Read:पीएम मोदी, गृहमंत्री शाह और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की मुलाकात में कुछ तो पक रहा है…?
गंगा किनारे बनेगा 46 किमी का कॉरिडोर
वैष्णव ने मंत्रिमंडल के विभिन्न फैसलों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि CCEA ने वाराणसी शहर में भीड़ कम करने के लिए गंगा नदी के किनारे नेशनल हाईवे-19 और वाराणसी रिंग रोड के बीच एक गलियारे के विकास को भी मंजूरी दी है। बयान के अनुसार, 46.04 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में छह-लेन वाला एलिवेटेड मुख्य मार्ग, ‘केबल-स्टेयड’ पुल, ‘फुट-ओवर ब्रिज’-के साथ बड़ा पुल, लूप, रैंप, लिंक रोड और सर्विस रोड शामिल हैं। इसे भी हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल के तहत कुल 14,447.64 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा।
इन इलाकों को होगा फायदा
आधिकारिक बयान के अनुसार, यह कॉरिडोर वाराणसी में भीड़ कम करने की योजना का एक अहम हिस्सा है। यह NH-31 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच बिना रुकावट के कनेक्टिविटी देगा। साथ ही, इससे वाराणसी रिंग रोड, वाराणसी एयरपोर्ट, काशी रेलवे स्टेशन, वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन, वाराणसी जंक्शन, दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, रामनगर पोर्ट, संपूर्णानंद संस्कृत यूनिवर्सिटी, वाराणसी के घाटों और पास के चंदौली इलाके तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा।
बयान में कहा गया है कि 80-100 किमी/घंटा की ऑपरेटिंग स्पीड के लिए डिजाइन किए गए इस प्रोजेक्ट से NH-31 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच यात्रा का समय लगभग 40 मिनट से घटकर 20 मिनट हो जाएगा, यानी इसमें लगभग 50 फीसदी की कमी आएगी।
(PTI इनपुट के साथ)

