राजधानी में धर्मांतरण व यौन शोषण का आरोपी डॉक्टर रमीज गिरफ्तार कर लिया गया है। यह विशाखा कमेटी की जांच में भी दोषी पाया गया है। पुलिस लंबे अरसे से इसकी तलाश कर रही थी।
राजधानी लखनऊ स्थित केजीएमयू की महिला रेजीडेंट के यौन शोषण और धर्मांतरण के प्रयास का आरोपी डॉ. रमीज शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह नेपाल में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को नेपाल बॉर्डर से दबोच लिया है। आरोपी का बलरामपुर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एफआईआर दर्ज होने के बाद नेपाल भाग गया था। कुछ लोगों से मदद भी ली थी। पुलिस का कहना है कि शुक्रवार को आरोपी ठिकाना बदलने की फिराक में था। इंटेलिजेंस की सूचना पर पुलिस की एक टीम नेपाल बॉर्डर पर सक्रिय थी।

