प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलहाल इजरायल के दौरे पर हैं। बुधवार को उन्होंने इजरायली नेसेट को संबोधित किया है। नेसेट में इजरायली पीएम नेतन्याहू ने भी भाषण दिया और भारत के लिए कई बातें कहीं।
तेल अवीव: इजराल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत के साथ मिलकर ‘कट्टरपंथी इस्लाम’ के खतरे के खिलाफ आयरन अलायंस बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने बुधवार को संसद में भारत के पीएम नरेंद्र मोदी के सामने यह बात कही है। भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इजरायली संसद को संबोधित किया है। इसी दौरान बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने भाषण में कई अहम बातें कहीं। उन्होंने यहूदियों के लिए अच्छे बर्ताव को लेकर भारत की तारीफ भी की।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण से पहले नेसेट में बोलते हुए बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, भारत और इजरायल ‘कट्टरपंथी इस्लाम के सामने’ एक आयरन अलायंस बनाएंगे। इजरायल और भारत आज पहले से ज्यादा मजबूत है और दोनों देश मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने 7 अक्टूबर, 2023 के हमले के बाद इजरायल को उनके सपोर्ट के लिए मोदी को धन्यवाद दिया।
हम एक मजबूत गठबंधन बनाएंगे
बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, इंसानियत और आजाद देशों के लिए खतरा बने कट्टरपंथी इस्लाम के सामने हम मिलकर एक मजबूत गठबंधन बनाएंगे। ऐसे देशों का गठबंधन जो नरमी, तरक्की, इंसानी इज्ज़त और आपसी सम्मान में यकीन रखते हैं। ऐसे देशों का गठबंधन जो जिदगी को पवित्र मानते हैं और उन लोगों से लड़ने के लिए तैयार हैं जो मौत को पवित्र मानते हैं। ये हमें मिडिल एज की काली बर्बरता में वापस ले जाना चाहते हैं।
इजरायली पीएम नेतन्याहू ने इस दौरान भारत को यहूदियों के प्रति अच्छा रवैया रखने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भारत एक ऐसी सभ्यता है, जहां यहूदियों पर कभी अत्याचार नहीं हुआ। यहूदियों का भारत में हमेशा स्वागत किया गया। हम यह नहीं भूल सकते हैं। हम इसके लिए एक बार फिर से भारत का धन्यवाद करेंगे।

