LPG की कमी के कारण सरकार ने हाल ही में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतें बढ़ा दी हैं, जिनका इस्तेमाल रेस्टोरेंट और होटलों में होता है
पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच कमर्शियल लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) की संभावित कमी से जूझ रहे रेस्टोरेंट पार्टनर्स के कारण भारत के फूड डिलीवरी एग्रीगेटर्स पर दबाव बढ़ सकता है।
फूड डिलीवरी सेवाएं अभी सामान्य
ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी (Swigg) और जोमैटो (Zomato) में हो रहे घटनाक्रम से जुड़े लोगों ने बताया कि मंगलवार दोपहर तक कारोबार सामान्य रूप से चल रहा था। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि स्थिति अभी भी बदलती हुई है और इसका संभावित असर इस बात पर निर्भर करेगा कि व्यापक आपूर्ति की स्थिति आगे कैसे विकसित होती है। उनके मुताबिक अभी तक कारोबार पर किसी तरह की सीधी बाधा देखने को नहीं मिली है।
Also Read:प्रीपेड मृत्यु:Father’s Day केवल एक दिन का नहीं होता…
LPG कमी से रेस्टोरेंट्स की चिंता बढ़ी
हालांकि, स्विगी के एक एग्जीक्यूटिव ने बताया कि कुछ रेस्टोरेंट पार्टनर्स ने सीमित LPG उपलब्धता को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि अगर नई सप्लाई की व्यवस्था नहीं हुई तो मौजूदा स्टॉक से केवल दो से तीन दिन तक ही काम चल पाएगा।
वहीं, दूसरी ओर रेस्टोरेंट पार्टनर्स का कहना है कि उन्हें कारोबार चलाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के वाइस-प्रेसिडेंट जोरावर कालरा ने कहा कि सीमित ईंधन सप्लाई के कारण जल्द ही रेस्टोरेंट्स को अपनी किचन ऑपरेशंस कम करने पड़ सकते हैं और मेन्यू से कुछ आइटम हटाने पड़ सकते हैं। इसका मतलब है कि फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स पर खाने के विकल्प भी कम हो सकते हैं।
LPG पर फूड सर्विस इकोसिस्टम की 70% निर्भरता
कालरा ने कहा, “पूरे फूड सर्विस इकोसिस्टम में 70 फीसदी से ज्यादा निर्भरता LPG पर है। अगर यह स्थिति जारी रहती है तो रेस्टोरेंट्स के मेन्यू छोटे हो जाएंगे और कई रेस्टोरेंट्स तथा क्लाउड किचन को अपने काम-काज बंद करने पड़ सकते हैं।” बता दें कि कालरा मैसिव रेस्तरां के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर भी हैं।
NRAI का दावा है कि वह देशभर के 5 लाख से ज्यादा रेस्टोरेंट्स का प्रतिनिधित्व करता है। NRAI ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय को एक पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि अगर यह बाधा जारी रही, तो बड़ी संख्या में रेस्टोरेंट्स बंद हो सकते हैं।
Also Read:राजनीतिक दंगल में भारतीय सेना के मनोबल को प्रभावित करने का प्रयास
कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़े
LPG की कमी के कारण सरकार ने हाल ही में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतें बढ़ा दी हैं, जिनका इस्तेमाल रेस्टोरेंट और होटलों में होता है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 119 रुपये बढ़कर 1,883 रुपये हो गई है। वहीं 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत भी 60 रुपये बढ़कर 931 रुपये हो गई है।

