Site icon Uttar Pradesh Jagran

प्रयागराज में गल्ला कारोबारी को गोली मारकर ₹5 लाख की लूट;ज्वेलर को तमंचा सटाकर ₹4.5 लाख लूटे

   प्रयागराज:* गंगापार एरिया में लूट की दो वारदातें हुई हैं. बहरिया में बुधवार सुबह बदमाशों ने एक आभूषण कारोबारी को तमंचे का बट मारकर करीब 4.50 लाख के आभूषण व नकदी लूट लिए. वहीं, फाफामऊ में रात को गल्ला कारोबारी को गोली मारकर 5 लाख रुपए लूट लिए गए हैं. दोनों घटनाओं में चार बदमाश शामिल बताए जा रहे हैं. वे दो बाइकों पर सवार थे. पुलिस ने एसओजी और कई टीमों को बदमाशों की तलाश में लगाया है.
    ज्वेलर से लूटे 4.5 लाख रुपए: पहली घटना बहरिया के कटनई मिश्रान गांव के पास सुबह करीब 11:15 बजे हुई. त्रिभुवन यादव, निवासी पूरेटुगों अपनी आभूषण की दुकान पर जा रहे थे. रास्ते में दो बाइकों पर सवार 4 बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक करके रोक लिया. विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे का बट मारकर उनकी बाइक की चाबी छीनी और डिग्गी में रखा बैग लेकर फरार हो गए. बैग में डेढ़ किलो चांदी, 20 ग्राम सोना और 2500 रुपए नगद थे. डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत और एसीपी फूलपुर पंकज लवानिया ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित से जानकारी ली. मुकदमा दर्ज कराया गया.
    गल्ला कारोबारी को बदमाशों ने लूटा: दूसरी घटना देर बुधवार देर शाम की है. फाफामऊ के शांतिपुरम इलाके में गल्ला कारोबारी और ग्राम प्रधान छेदीलाल गुप्ता यूनियन बैंक से 19 लाख रुपए निकाले थे. उन्होंने व्यापारी सज्जन लाल को 14 लाख रुपए नगद दिए. बाकी 5 लाख रुपए लेकर बैंक से कुछ दूर खड़ी अपनी कार की तरफ बढ़े ही थे, कि दो बाइकों पर आए 4 बदमाशों ने बैग छीनने की कोशिश की.
विरोध करने पर उन्हें पैर में गोली मार दी और बदमाश बैग लेकर फरार हो गए. मौके पर डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत और एसीपी थरवई चंद्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे. व्यापारी से पूछताछ की गई.
     पुलिस ने शुरू की जांच: एसीपी थरवई चंद्रपाल सिंह ने बताया कि जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है, क्योंकि व्यापारी की पैंट में गोली का छेद नहीं मिला और पैर पर केवल खरोंच का निशान है. फिर भी व्यापारी की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस की दो टीमें और एसओजी गंगानगर को मामले के खुलासे और बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगाया गया है.
Exit mobile version