प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल से देश के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त के ₹18,880 करोड़ सीधे ट्रांसफर किए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 20 जून को पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ (PM-KISAN) योजना की 23वीं किस्त जारी कर दी है। सरकार ने इस ताजा किस्त के तहत देश भर के 9.44 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की है।
बता दें कि पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। यह रकम 2,000-2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में हर चार महीने पर सीधे किसानों के खातों में भेजी जाती है। शनिवार को 23वीं किस्त जारी होने के साथ ही इस योजना के तहत अब तक बांटी गई कुल रकम 4.28 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। यह योजना किसानों की मदद के लिए चलाई जा रही दुनिया की सबसे बड़ी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर पहलों में से एक है।
ऐसे चेक करें अपनी किस्त का स्टेटस
अगर आप भी इस योजना के लाभार्थी हैं और देखना चाहते हैं कि आपके खाते में 2,000 रुपये आए हैं या नहीं, तो आप पीएम किसान पोर्टल (https://pmkisan.gov.in/) पर जाकर ‘नो योर स्टेटस’ (Know Your Status) वाले विकल्प पर क्लिक करके अपना पेमेंट स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके अलावा किसान अपने बैंक खाते के स्टेटमेंट या पासबुक एंट्री के जरिए भी रकम ट्रांसफर होने की पुष्टि कर सकते हैं।
बंगाल को मिलीं कई बड़ी विकास परियोजनाएं
अपने बंगाल दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने सिर्फ किसानों को ही सौगात नहीं दी, बल्कि राज्य के विकास के लिए रेलवे, सड़क, मत्स्य पालन, पशुधन और कृषि क्षेत्र से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की भी घोषणा की। इन प्रोजेक्ट्स में एक नया रेलवे डिवीजन, एक रेलवे अस्पताल, हावड़ा और राधामोहनपुर को जोड़ने वाला एक पुल, पीएमजीएसवाई-III (PMGSY-III) के तहत बनने वाली ग्रामीण सड़कें, फ्रेजरगंज में एक फिशिंग हार्बर और बीरभूम में एक मछली बाजार शामिल है।
इसके अलावा पीएम मोदी ने ‘डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन’, ‘नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग’ और ‘प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना’ जैसी महत्वपूर्ण कृषि पहलों की भी शुरुआत की।

