बच्चों में संस्कार क्षम गतिविधियों के माध्यम से संकुल स्तर पर आयोजित हो रहे शिविर
चित्रकूट संकुल के अंतर्गत 10 स्वावलंबन केन्द्रों से 88 बच्चों की रही सहभागिता
शिविर की जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिविराधिकारी ने दी। स्वावलंबन अभियान के प्रभारी डाॅ अशोक पांडे ने बताया कि दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा प्रत्येक विद्यार्थी के अन्दर व्यक्तित्व विकास के साथ समाज मूलक बातों की जागरूकता हेतु समाजशिल्पी दम्पति व सहयोगी कार्यकर्ताओं के माध्यम से संकुल केन्द्रों पर यह बाल शिविर के आयोजन किये जा रहे है। समारोप व प्रकट कार्यक्रम में श्री जितेंद्र सिंह प्रभारी समाज शिल्पी ने बताया कि गांव गांव में संस्कार क्षम गतिविधियों के माध्यम से ग्राम वासियों के सामूहिक प्रयासों से बाल शिविर संपन्न हो रहे हैं।
क्रमशः सम्पन्न हो रहे इन तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में १० से १४ वर्ष के बालक बालिकाएं प्रशिक्षण ले रहे हैं। मंच संचालन शिवाकांत पांडे ने किया, उन्होंने बताया कि संकुल केंद्र पर शिविर आयोजित हो रहे हैं, जिससे सभी ग्राम आबादियों के बच्चे प्रशिक्षण ले रहे हैं। तीन दिवसीय शिविर में बच्चों ने योग, व्यायाम, डबल, लेजिम, ताइक्वांडो, खेल गीत, सामूहिक कार्यक्रम व सांस्कृतिक कार्यक्रम नाटक इत्यादि का अभ्यास किया तथा उसका प्रदर्शन किया। दीनदयाल शोध संस्थान चित्रकूट के कार्यकर्ता, सहयोगी कार्यकर्ताओं और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयत्न से यह कार्यक्रम सम्पन्न हो रहा है। समारोप कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ बच्चे उपस्थित रहे। इस शिविर में चित्रकूट संकुल के अंतर्गत रामाकोल, धान, बरहट, सिंहपुर, मगरहाई, घुरहेटा, नया चंद्रा, कोलगदहिया, बनाड़ी, बगोड़ा आदि स्वावलंबन केन्द्रों से बच्चों ने सहभागिता की।

