Site icon Uttar Pradesh Jagran

दबंगों के हौसले बुलंद: पुलिस के जाते ही पीड़ित के घर में लगाई आग, जान से मारने की धमकी,अभी तक नहीं दर्ज हो पाई एफआईआर

   जौनपुर (सरपतहां): जनपद के थाना सरपतहां अंतर्गत काजीपुर गांव में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के ही कुछ दबंगों पर एक परिवार को प्रताड़ित करने, जान से मारने की धमकी देने और घर में आगजनी करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ने थाने में लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
    प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दिनेश निषाद पुत्र स्व. लच्छन (निवासी ग्राम काजीपुर) ने बताया कि बीती रात करीब 12:30 बजे जब उनका परिवार सो रहा था, तभी गांव के ही कुछ दबंग व्यक्ति—विजय प्रताप, जितेन्द्र (उर्फ छोटेलाल), मोहित और अतुल—उनके घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर जब परिवार के लोग बाहर निकले, तो देखा कि चारों आरोपी हथियारों से लैस थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
पुलिस के जाते ही वारदात को दिया अंजाम
   पीड़ित दिनेश ने तत्काल 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही आरोपी वहां से फरार हो गए। लेकिन पुलिस के जाते ही दबंगों ने और भी आक्रामक रूप अख्तियार कर लिया और प्रार्थी के घर में आग लगा दी। चीख-पुकार सुनकर इकट्ठा हुए ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
न्याय की गुहार
घटना के बाद पीड़ित ने दोबारा पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पीआरवी ने पीड़ित को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। पीड़ित दिनेश कुमार ने बताया कि उनका पूरा परिवार इस समय अत्यंत भयभीत है और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने थाना प्रभारी सरपतहां से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
स्थिति: पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया, कार्यवाही का इंतजार।
Exit mobile version