Site icon Uttar Pradesh Jagran

संसद की सुरक्षा का खुद सीआईएसएफ के डीजी प्रवीर रंजन ने किया रिव्यू, इस सत्र के दौरान सख्त ही रहेगी पार्लियामेंट की सुरक्षा

नीट पेपर लीक पर सीजेपी के संसद मार्च के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संसद की सुरक्षा व्यवस्था का गहन रिव्यू किया।

नई दिल्ली : नीट पेपर लीक मामले को लेकर सोमवार को संसद के करीब आ पहुंचे प्रदर्शनकारियों की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को पार्लियामेंट का सिक्योरिटी रिव्यू किया गया। संसद की सुरक्षा संभालने वाली सीआईएसएफ के डीजी प्रवीर रंजन खुद संसद पहुंचे। जहां उन्होंने संसद की सुरक्षा के तमाम इंतजामों का जायजा लिया। तय किया गया है कि जब तक कॉकरोच जनता पार्टी का यह प्रदर्शन खत्म नहीं हो जाता, तब तक संसद की सुरक्षा एकदम अलर्ट मोड पर रहेगी। खासतौर से मानसून सत्र के दौरान।

संसद भवन में घुस सकते थे प्रदर्शनकारी

सूत्रों ने बताया कि संसद की सुरक्षा को देखते हुए सोमवार को एजेंसियों ने प्रदर्शनकारियों के संसद के सेल्फी पाइंट तक आने की बात को बेहद गंभीरता से लिया है। जिस तरीके से सोमवार का आंदोलन चल रहा था। उसमें अगर जरा सी भी चूक हो जाती तो प्रदर्शनकारी संसद भवन में घुस सकते थे। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईएसएफ ने पहले ही संसद के तमाम गेट बंद कर दिए थे। इससे कम से कम किसी बाहरी शख्स की बिना वैलिड पास के संसद में घुसने की कोई आशंका तो नहीं रह गई थी।

सुरक्षाबलों ने संसद में किया सिक्योरिटी रिव्यू

कहीं इस तरह की स्थिति फिर से ना आ जाए। इससे निपटने के लिए संसद भवन का मंगलवार को संयुक्त रिव्यू किया गया। जिसमें सीआईएसएफ के डीजी प्रवीर रंजन, एडीजी (हेडक्वार्टर) विजय प्रकाश, आईजी नवज्योति गोगोई और डीआईजी संजय कुमार सैन समेत अन्य एजेंसियों के अधिकारी शामिल थे। इसमें संसद के हर हिस्से का रिव्यू किया गया।

आधुनिक हथियारों के साथ लैस हैं संसद

सूत्रों का कहना है कि रिव्यू में संसद की सुरक्षा में कहीं कोई कमी तो सामने नहीं आई। लेकिन फिर भी एहतियातन सुरक्षा में सीआईएसएफ के कुछ और जवानों को तैनात कर दिया गया है। जो की आधुनिक हथियारों के साथ लैस हैं।

आज आम दिनों की तरह ही रहा संसद

सोमवार के मुकाबले मंगलवार को संसद के आसपास का माहौल लगभग सामान्य दिनों जैसा ही दिखा। ट्रैफिक भी खोल दिया गया था। लेकिन रेल भवन और रेड क्रॉस की तरफ से संसद की तरफ जाने वाले रास्तों पर पुलिस और सीआईएसएफ की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। इस तरफ उसी शख्स को जाने दिया जा रहा था। जिनके पास वैलिड पास था। हालांकि, संसद सत्र चलने के दौरान भी आमतौर पर वैलिड पास देखकर ही दिल्ली पुलिस संसद भवन की तरफ जाने देती है। लेकिन अब इस टास्क में और सख्ती कर दी गई। दिल्ली पुलिस की तरफ से भी संसद भवन के बाहर सुरक्षा का जायजा लिया गया। जिसमें जवानों की संख्या को और बढ़ाया गया। ताकि इमरजेंसी के किसी भी तरह के हालातों से निपटा जा सके।

Exit mobile version