Site icon Uttar Pradesh Jagran

पासपोर्ट पर एड्रेस बदलवाना है आसान, फोन से ऑनलाइन करें अप्लाई, समझें पूरा प्रोसेस

   क्या आपके पासपोर्ट पर पुराना पता दर्ज है। बता दें कि यह चीज आपके कई काम अटका सकती है। दरअसल पासपोर्ट एक अहम पहचान पत्र भी है और ऐसे में इमिग्रेशन या वीजा अप्लाई करने में आपको परेशानी हो सकती है। हालांकि पासपोर्ट पर पता अपडेट कराना कोई मुश्किल काम नहीं है। इसके लिए आप घर बैठे स्मार्टफोन से ही ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं। चलिए डिटेल में इस बारे में जानते हैं।

अगर आपने हाल ही में अपने घर का पता बदला है, तो जरूरी है कि आप उसे अपने पासपोर्ट पर भी अपडेट कराएं। दरअसल पासपोर्ट सिर्फ यात्रा के दौरान काम आने वाला डॉक्युमेंट नहीं बल्कि एक अहम पहचान पत्र भी है। अगर आपके पासपोर्ट का पता सही न हो, तो आपको इमिग्रेशन या वीजा अप्लाई करने में भी परेशानी हो सकती है।

हालांकि अच्छी बात यह है कि पासपोर्ट में एड्रेस अपडेट कराना कोई मुश्किल काम नहीं है। इसे आप बहुत आसानी से घर बैठे भी कर सकते हैं। चलिए आज आपको तमाम स्टेप्स के बारे में डिटेल में बताते हैं, जिनकी मदद से आप भी अपने पासपोर्ट में एड्रेस को अपडेट करा सकते हैं।

अगर कोई भी शख्स अपने पता बदलता है, तो इसे व्यक्तिगत विवरण यानी कि पर्सनल डिटेल्स में हुआ बदलाव माना जाता है। ऐसे में पासपोर्ट ऑफिस से वर्तमान पासपोर्ट में किसी तरह के बदलाव किए जाने की जगह, नया पासपोर्ट जारी किया जाता है। ऐसा सुरक्षा और सही वेरिफिकेशन के लिए किया जाता है, ताकि भविष्य में आपको किसी भी तरह की कानूनी या प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

पासपोर्ट में पता बदलने के लिए सबसे पहले आपको:

Passport Seva वेबसाइट पर जाना होगा और अपने अकाउंट में लॉग-इन करें।इसके बाद Passport Re-issue को चुनें और कारण में Change of Personal Particulars को चुनें।
इसके बाद अपना नया पता ध्यान से भरें।
आवेदन भरने के बाद निर्धारित फीस जमा करें और अपने नजदीकी पासपोर्ट सेवा केंद्र में अपॉइंटमेंट बुक करें।
पासपोर्ट में पता बदलवाने के लिए आपको नए पते का वैध प्रमाण देना होगा। इसके लिए आप आधार कार्ड, वोटर आईडी, बिजली/पानी का बिल, बैंक पासबुक या स्टेटमेंट, रजिस्टर्ड रेंट एग्रीमेंट या गैस कनेक्शन बिल का इस्तेमाल कर सकते हैं। किसी भी डॉक्यूमेंट को चुनते समय ध्यान रखें कि उस डॉक्यूमेंट में वही पता मौजूद हो, जो आपने एप्लिकेशन में भरा था। ऐसा न होने पर आपके नए पासपोर्ट का काम अटक सकता है।

वेरिफिकेशन, ट्रैकिंग और अन्य जरूरी बातें
जिस दिन पासपोर्ट सेवा केंद्र में आपकी अपॉइंटमेंट हो उस दिन अपने साथ सभी डॉक्यूमेंट्स की ओरिजिनल और कॉपी साथ रखें। याद रखें कि अगर आपने शहर या राज्य बदला है, तो कभी-कभी पुलिस वेरिफिकेशन भी हो सकता है।

सब कुछ सही से होने के बाद कुछ हफ्तों में नया पासपोर्ट आपके नए पते पर डिलीवर हो जाता है। अगर आप पासपोर्ट अपडेट कराने से पहले अपने आधार और वोटर आईडी कार्ड जैसे डॉक्यूमेंट्स अपडेट करा लेंगे, तो आपके पासपोर्ट का काम और भी तेजी से हो पाएगा।

Exit mobile version