Site icon Uttar Pradesh Jagran

कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने UP सूचना विभाग पर भी निकाली भड़ास

   अपना दल सोनेलाल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष पटेल ने विरोधियों और मीडिया के एक वर्ग पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सूचना विभाग के बजट के दबाव में पार्टी को तोड़ने की अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया है। आशीष पटेल ने पार्टी की एकजुटता पर जोर देते हुए विरोधियों को पाश की कविता से जवाब दिया है।

लखनऊ: अपना दल सोनेलाल की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के पति व यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने एक बार फिर अपने तीखे तेवर दिखाते हुए विरोधियों और मीडिया के एक वर्ग पर बड़ा हमला बोला है। आशीष पटेल ने एक्स पर एक लंबा पोस्ट कर न सिर्फ अपनी पार्टी को लेकर फैल रही अफवाहों पर पलटवार किया है। बल्कि यूपी के सूचना विभाग के 1700 करोड़ रुपये के बजट के दबाव को लेकर भी हमला बोला है। आशीष पटेल ने लिखा कि सूचना विभाग के 1700 करोड़ के बजट का दबाव क्या और कैसा होता है, यह मीडिया के एक वर्ग से पूछिए।

इसी दबाव में अपना दल एस को रोज तोड़ना पड़ता है। कभी नौ विधायकों के भागने की खबर चलानी पड़ती है, तो कभी 12 विधायकों के पाला बदलने की खबर गढ़नी पड़ती है। अपना दल एस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने के बाद कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने लिखा कि मीडिया के इस वर्ग को मेरी बिन मांगी सलाह है कि रोज-रोज का झंझट खत्म कीजिए। आज ही अपना दल (एस) को जितने हिस्सों में बांटना है, बांट दीजिए। नौ, दस या बारह विधायकों को जिन दलों में भेजना है, भेज दीजिए। लिख दीजिए कि अपना दल (एस) का अस्तित्व खत्म हो गया है। इसी बहाने झंझट भी खत्म हो जाएगा और बजट का भी सही उपयोग हो जाएगा।

अपना दल कोई ताश के पत्तों का महल नहीं

अपने पोस्ट में उन्होंने यह भी साफ किया कि अपना दल को लाखों वंचितों और शोषितों ने अपने खून-पसीने से खड़ा किया है। यह पार्टी ऐसी साजिशों की अभ्यस्त है। हमारे कार्यकर्ता बहकावे में आने वाले नहीं हैं, बल्कि पहले से अधिक मजबूती से अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे। उन्होंने अपना दल को एक मजबूत जमीनी ताकत बताते हुए कहा कि यह कोई ताश के पत्तों का महल नहीं, बल्कि हर मुश्किल में उग आने वाला घास है।

Exit mobile version