Site icon Uttar Pradesh Jagran

अखिलेश राम मंदिर के चंदे पर मुखर लेकिन मुसलमानों पर जुल्म नहीं दिखते – इमरान मसूद

   सहारनपुर के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर उनके बयान को लेकर जोरदार हमला किया है। उन्होंने अखिलेश यादव पर उनकी पार्टी के दोहरे मापदंड को लेकर कड़ा प्रहार किया है। मसूद ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी को ‘डकैती’ कहा है

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में सीट बंटवारे के लिए समझौता तो दूर, तनातनी चलने लगी है। अखिलेश यादव के बयान पर सहारनपुर के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि यूपी में मुसलमानों के साथ हो रहे अन्याय पर उनकी (अखिलेश यादव) चुप्पी समझ से परे है। वे राम मंदिर की चंदा चोरी पर मुखर होकर बोलते हैं, लेकिन मुसलमानों पर हो रहे जल्म पर चुप हो जाते हैं। उन्होंने राम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी को ‘डकैती’ बताया है।

कांग्रेस के पास सभी सीटों के लिए प्रत्याशी ही नहीं

अखिलेश यादव ने कहा है कि, ‘यूपी की 403 विधानसभा सीटों पर जीतने वाले प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। मुझे लगता है कांग्रेस को गठबंधन धर्म का पालन करना चाहिए, एमपी, हरियाणा से कुछ सीखे। मुझे जहां तक पता है यूपी में कांग्रेस के पास 403 सीटों में से 350 सीटों से ज्यादा पर चुनाव लड़ने के लिए कोई प्रत्याशी तक नहीं है। कांग्रेस अगर हठ करती है तो ये उसकी आखिरी गलती होगी।

आपकी खामोशी मुसलमान की समझ में नहीं आ रही’

इस पर इमरान मसूद ने कहा है कि, ‘मुझे समझ में नहीं आता, आप अपनी तैयारी करिए न, हम अपनी तैयारी कर रहे हैं। आप बहुत बड़े नेता हैं, आपके मुंह से यह बात अच्छी नहीं लगती। उत्तर प्रदेश के अंदर मुसलमानों पर जुल्म हो रहा है। आपकी खामोशी मुसलमान की समझ में नहीं आ रही है। मंदिर की चंदा चोरी पर आप मुखरता से बोलते हो, लेकिन मुसलमान की सीनाजोरी पर आप खामोश हो जाते हो। क्यों? यह समझ में नहीं आ रहा।

राम मंदिर में चोरी नहीं, डकैती हुई

इमरान मसूद ने राम मंदिर के चंदे में कथित हेराफेरी के मामले पर बीजेपी को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा, ‘चोरी नहीं, डकैती हुई है। चोरी शब्द छोटा है। अखबार में पढ़ा सिंधी समाज के लोगों ने चांदी की 200 ईंटें दी थीं। उन 200 चांदी की ईंटों की भी रसीद नहीं मिली। यह डकैती है और इसमें अब तक एफआईआर नहीं हुई है। ये तो राम मंदिर के चंदे की चोरी का हाल है, आम आदमी का क्या हाल होगा? हां, मुसलमान की मस्जिद तोड़ दो, मजार तोड़ दो, मुसलमान के ऊपर बुलडोजर चला दो, हिंदुओं को खुश कर दो। बस यह काम हो रहा है।

Exit mobile version