साल 2019 के बाद से लेकर अब तक मोदी सरकार 274 अपराधियों को विदेशी धरती से भारत ला चुकी है। ये जानकारी गृह मंत्री अमित शाह ने दी है। उन्होंने तुलना करते हुए यह भी कहा है कि यूपीए के कार्यकाल में हर साल सिर्फ 4 अपराधी भारत लाए जाते थे।
नई दिल्ली: गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया है कि कैसे यूपीए सरकार की तुलना में एनडीए सरकार ने विदेश से ज्यादा अपराधियों को लाने में सफलता हासिल की है। अमिथ शाह ने यह भी कहा है कि पहले जहां अपराधी सिस्टम का फायदा उठाकर बच निकलते थे, वहीं आज उनके लिए ऐसा करना नामुमकिन हो गया है।
2019 से अब तक 274 आए
अमित शाह ने कहा है कि एक मजबूत और सुरक्षित भारत के विजन के तहत, मोदी सरकार ने विदेशों में छिपे भगोड़ों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। वे चाहे किसी भी देश में भागे हों, राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति भारत के नए नजरिए की वजह से 2019 से अब तक 274 अपराधियों की वापसी सुनिश्चित हुई है, जबकि UPA सरकार के समय यह संख्या हर साल सिर्फ चार थी।
पुराने सिस्टम की कमी दूर की
गृहमंत्री ने आगे कहा कि अब वे दिन बीत गए जब अपराधी सिस्टम की कमियों का फायदा उठाकर बच निकलते थे। नए भारत ने नए कानूनों, संस्थानों और वैश्विक साझेदारियों के जरिए पुराने सिस्टम की हर कमी को दूर किया है और सुरक्षा का एक ऐसा घेरा बनाया है, जिसे तोड़ा नहीं जा सकता।
@AmitShah
ये बड़े अपराधी लाए गए भारत
- तहव्वुर हुसैन राणा: 26/11 मुंबई आतंकवादी हमलों का आरोपी, जिसे अमेरिका से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया।
- प्रभदीप सिंह: अजरबैजान से प्रत्यर्पित ड्रग्स सिंडिकेट और नार्को-टेररिज्म से जुड़ा कुख्यात अपराधी।
- संजीव चावला: साल 2000 के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच-फिक्सिंग कांड का मुख्य आरोपी, जिसे ब्रिटेन से फरवरी 2020 में भारत प्रत्यर्पित किया गया था।

